NEET-UG के लिए हाई अलर्ट, सेंटरों पर CCTV-जैमर लग रहे:स्टूडेंट्स के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेन, टाइम डिस्प्ले की व्यवस्था रहेगी; तबीयत बिगड़ी तो डॉक्टर भी मिलेगा

नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) 21 जून को है। प्रशासन हाई अलर्ट पर है। प्रदेश के सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे और जैमर लगाए जा रहे हैं। स्टूडेंट्स के लिए हर सेंटर के बाहर एक बड़ी घड़ी लगाई जाएगी। किसी की तबीयत बिगड़ी तो डॉक्टर वहीं तैनात मिलेंगे।
भोपाल में कुल 13 हजार 774 स्टूडेंट्स परीक्षा देंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन, पुलिस के साथ रेलवे भी तैयारी कर रहा है। 32 केंद्र प्रभारियों के साथ कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को वन-टू-वन मीटिंग की। इसमें बताया गया कि कई बार दो से तीन सेंटरों के नाम एक जैसे होते हैं, जिससे परीक्षार्थी कन्फ्यूज हो जाते हैं, इसलिए उन्हें केंद्र का नाम और स्थान क्लियर रखें।
हमीदिया रोड पर जो सेंटर हैं, उसके रास्ते में लोग गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इस वजह से स्टूडेंट्स को देरी हो सकती है। इसलिए पुलिस गाड़ियों को तुरंत हटा दें। पुराने शहर में मेट्रो का काम चल रहा है। बैरिकेडिंग में सेंटर का नाम छिप सकता है। इसलिए सेंटर की ओर रास्ता दिखाने वाले बोर्ड लगेंगे।
देखिए ट्रेन का शेड्यूल
रेलवे इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच एक ट्रिप स्पेशल ट्रेन चलाएगा। यह स्पेशल ट्रेन इंदौर एवं मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों से भोपाल आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करेगी।
गाड़ी संख्या 09354 इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेन का संचालन 20 जून को किया जाएगा। ट्रेन इंदौर स्टेशन से सुबह 11.25 बजे प्रस्थान कर फतेहाबाद में दोपहर 12 बजे, बड़नगर में दोपहर 12.42 बजे, रतलाम में 1.30 बजे, नागदा में दोपहर 2.23 बजे, उज्जैन में दोपहर 3.25 बजे, मक्सी में शाम 4.30 बजे, शुजालपुर में शाम 5.21 बजे, सीहोर में शाम 6 बजे, बैरागढ़ स्टेशन पर शाम 6.18 बजे और शाम 5 बजे भोपाल स्टेशन पर पहुंचेंगी।
इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 09353 भोपाल–रतलाम स्पेशल ट्रेन 20 जून 2026 को भोपाल स्टेशन से शाम 7.40 बजे प्रस्थान कर संत हिरदाराम नगर में रात 8.08 बजे, सीहोर में रात 8.34 बजे, शुजालपुर में रात 8.59 बजे, मक्सी में रात 9.59 बजे, उज्जैन में रात 11.05 बजे एवं अगले दिन नागदा रात 12.05 बजे आगमन कर गंतव्य स्टेशन रतलाम रात 12.55 बजे पहुंचेगी।
ऐसा रहेगा कोच कम्पोजिशन : ट्रेन में 13 स्लीपर कोच, 2 सामान्य श्रेणी एवं 2 एसएलआर/डी सहित कुल 17 कोच रहेंगे। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि नीट परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए और उनके आवागमन को सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से ये स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
ग्वालियर कलेक्टर बोलीं– पेपर का मूमेंट बहुत प्रोटेक्टिव तरीके से होगा
ग्वालियर जिले में में 25 सेंटर पर करीब 5 हजार स्टूडेंट शामिल होंगे। कलेक्टर रुचिका चौहान और एसएसपी धर्मवीर सिंह ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बताया कि पेपर का मूमेंट बहुत प्रोटेक्टिव तरीके से होगा। बच्चों की एंट्री सुबह 11 बजे शुरू होगी। एडमिट कार्ड में सभी का टाइम लिखा है। एक बजे के बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अटेंडेंस बॉयोमेट्रिक तरीके से लगाई जाएगी।
एसएसपी ने कहा– स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए हमने वाट्सएप नंबर जारी किए हैं। कोई स्टूडेंट ट्रैफिक में फंसता है तो हमने 112 नंबर जारी किया है। इसपर कॉल करके मदद ले सकते हैं। सुरक्षा इंतजाम में सीनियर्स लगाए गए हैं। कैमरे लगाए गए हैं। सभी पहलुओं पर नजर रखी जा रही है।
जबलपुर में पहली बार परीक्षार्थियों के लिए बस सेवा
जबलपुर में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पहली बार छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए बसों की सुविधा दी जा रही है। अभिभावकों के लिए शेड, बैठने की व्यवस्था, कूलर, पंखे और अस्थायी कैंटीन भी बनाई जा रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक मशीनें, सीसीटीवी कैमरे और जैमर लग रहे हैं। 20 जून को इसका ट्रायल होगा।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसी दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव का जबलपुर दौरा भी प्रस्तावित है, इसलिए परीक्षा और वीवीआईपी मूवमेंट को सुचारू रखने के लिए प्रशासन ने अलग रोडमैप तैयार किया है।
















































