मध्यप्रदेश

इंदौर में पेंट-केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग:पास की 2 फैक्ट्रियां भी चपेट में आईं; करोड़ों के नुकसान की आशंका

इंदौर के कालिंदी गोल्ड सिटी के पास स्थित बीटा इंडस्ट्रियल पार्क में रविवार सुबह करीब 7 बजे एक पेंट फैक्ट्री में आग लग गई। आग ने पास की दो अन्य फैक्ट्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

फायर ब्रिगेड के मुताबिक, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। हादसे में बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका है। यह औद्योगिक क्षेत्र अरविंदो अस्पताल से करीब 3 किलोमीटर अंदर की ओर स्थित है।

फायर ब्रिगेड के मुताबिक, बीटा इंडस्ट्रियल पार्क स्थित एक पेंट और केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। स्थानीय गार्ड ने दमकल विभाग को सूचना दी। लोग कुछ समझ पाते और आग बुझाने का प्रयास करते, उससे पहले ही लपटों ने पास की दो अन्य फैक्ट्रियों को भी चपेट में ले लिया।

पेंट और केमिकल के ड्रम रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटनास्थल से उठता धुआं दूर तक दिखाई दिया।

घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

आग की भीषणता को देखते हुए औद्योगिक क्षेत्र में हलचल मच गई। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने अलग-अलग दिशाओं से पानी और फोम का छिड़काव कर घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका

हादसे में फैक्ट्रियों और उनमें रखे कच्चे माल, तैयार केमिकल, पेंट के स्टॉक और मशीनरी को भारी नुकसान पहुंचा है। शुरुआती तौर पर करोड़ों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और दमकल विभाग इसकी वास्तविक वजह की जांच कर रहे हैं।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button