मैहर में स्कॉर्पियो की टक्कर से जबलपुर निवासी बाइक सवार युवक की साथी के साथ मौत

मध्य प्रदेश के मैहर-रीवा मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित तमस नदी पुल पर रविवार देर रात बाइक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार माइक्रो फाइनेंस मैनेजर और कोलियरी कर्मचारी मौत हो गई. मृतकों में 1 युवक जबलपुर निवासी है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार रात करीब 10:30 बजे हुआ. बाइक सवार दोनों युवक रीवा की ओर जा रहे थे, जबकि स्कॉर्पियो रीवा से मैहर की तरफ आ रही थी. इसी दौरान तमस नदी पुल पर दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे में बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शवों को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया. मृतकों की पहचान शिवम बाथरे (28), पिता संतोष श्री बाथरे, निवासी शहपुरा भिटौनी, जिला जबलपुर और सुजीत कोल (32), पिता बाबूलाल कोल, निवासी मौहारी, सेमरिया, रामपुर बघेलान, जिला सतना के रूप में हुई है.
शिवम अमरपाटन स्थित स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत था और वहां किराए के कमरे में रहता था. वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था. 2024 में उसकी शादी हुई थी. 15 दिन पहले ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था. वहीं, सुजीत कोल अंबिकापुर की एक कोलियरी में सुपरवाइजर के पद पर नौकरी करता था. पांच साल पहले उसकी शादी हुई थी उसकी एक बेटी है.
जबलपुर से ट्रेन से मैहर स्टेशन पहुंचा शिवम, बाइक से जाते समय हादसा
बताया जाता है कि शिवम छुट्टी पर अपने घर जबलपुर गया था. उसकी बाइक मैहर रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी. जबलपुर से ट्रेन से मैहर लौटते समय उसकी मुलाकात सुजीत से हुई. दोनों की जान-पहचान हुई और इसके बाद शिवम की बाइक से दोनों अमरपाटन की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तमस नदी के पुल पर हादसा हो गया, जिसमें दोनों की मौत हो गई. हादसे में शामिल बाइक का नंबर एमपी 20 एक्स 2815 और स्कॉर्पियो का नंबर यूपी 37 एफ 9818 बताया गया है.
स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हुए सवार
हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार लोग वाहन छोड़कर मौके से भाग गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है. दूसरे मृतक की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों और स्कॉर्पियो सवार लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.











































