पुरानी कृषि उपज मंडी से 65 हजार की चोरी:2 अन्य दुकानों के ताले टूटे; पुलिस गश्त पर सवाल

नीमच शहर की स्टेशन रोड स्थित पुरानी कृषि उपज मंडी (औषधि मंडी) में चोरों ने गुरुवार रात तीन दुकानों को निशाना बनाया। राकेश ट्रेडर्स के संचालक के अनुसार, दुकान के गल्ले से करीब 65 हजार रुपए गायब मिले। वहीं, कौशिक इंटरप्राइजेज के शटर के ताले टूटे मिले और ओसवाल किराना के गोदाम का ताला भी टूटा हुआ मिला।
सुबह दुकान पहुंचने पर मेन चैनल खुला मिला
राकेश ट्रेडर्स के संचालक और पूर्व पार्षद राकेश गर्ग ने बताया कि वे गुरुवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे दुकान पहुंचे तो मुख्य चैनल खुला मिला। अंदर गल्ले और अलमारी के हैंडल टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था।
गर्ग के मुताबिक, करीब 65 हजार रुपए गल्ले में रखे थे, जो गायब मिले। उन्होंने घटना की सूचना डायल 112 और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी।
अन्य दुकानों के ताले टूटे मिले
कौशिक इंटरप्राइजेज के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के डिस्कनेक्ट होने और शटर के दो ताले टूटने की जानकारी सामने आई है। तीसरा ताला नहीं टूटने के कारण दुकान के भीतर प्रवेश नहीं हो सका। पास स्थित ओसवाल किराना के गोदाम का ताला भी टूटा मिला।

पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
घटना के बाद व्यापारियों ने मंडी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि यहां बड़ी मात्रा में कारोबार और नकदी का लेन-देन होता है, इसलिए रात की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
मंडी निरीक्षक राहुल अस्थाना ने बताया कि मंडी कर्मचारी रात 10-12 बजे तक गश्त करते हैं। मूंगफली की आवक और अन्य व्यवस्थाओं के कारण कर्मचारी व्यस्त भी रहते हैं। उनके अनुसार, सुबह सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंच गई थी।
व्यापारियों ने मंडी क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने और नाइट गार्ड की चौकसी सख्त करने की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।