एमपी : कांवडिय़ों से भरा ट्रैक्टर पुल से नीचे गिरा, 1 की मौत, 19 घायल, नर्मदा जल लेने जा रहे थे

धार. एमपी के धार जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र में सावन के चौथे अंतिम सोमवार को नर्मदा जल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिर गई. हादसे में 19 श्रद्धालु घायल हो गए. राजू पकाव नाम के युवक की मौत हुई है. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दो युवक गंभीर रूप से घायल थे, जिन्हें इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है.
बड़वानी जिला अस्पताल के डॉक्टर एसएन पाटीदार ने बताया कि धार से 18-19 मरीज यहां भर्ती हैं. इनमें से 6 से 7 की हालत गंभीर है. उनके सिर, कमर, हाथ और पेट में चोटें हैं. घटना निसरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम कडमाल से करीब एक किलोमीटर दूर एक पुल पर हुई. श्रद्धालु पुराने चिखलदा की ओर नर्मदा जल लेने के लिए कांवड़ यात्रा पर निकले थे. पुल पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल हो गया. ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिर गई.
लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला
हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 30 श्रद्धालु सवार थे. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही कुक्षी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला. घायल 20 श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार दिया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़वानी जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है.
पिछले 4 साल से लगातार कांवड़ यात्रा पर जा रहे
प्रत्यक्षदर्शी मनोहर पाटीदार के अनुसार, ट्रॉली सवार लोग नर्मदा जल लेने जा रहे थे. वे पिछले 4 साल से लगातार कांवड़ यात्रा पर जाते हैं. गांव के राम मंदिर से करीब 30-35 महिला और पुरुष बैठे थे. इनमें से 4 लोगों को ज्यादा चोट लगी है. प्रत्यक्षदर्शी मनोहर के मुताबिक कड़माल में बने नए पुल पर पहुंचते ही स्टीयरिंग फेल हो गया और ट्रैक्टर पुल से नीचे उतर गया. किसी के सिर, हाथ या कमर में चोट लगी है. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
















































