उज्जैन में प्लास्टिक गोदाम में 15 घंटे से लगी आग:शॉर्ट सर्किट की आशंका; 5 दमकल आग बुझाने का कर रही प्रयास, 28 टैंकर मौके पर

उज्जैन जिले के बड़नगर में रविवार-सोमवार दरमियानी रात बारदान और प्लास्टिक से भरे गोदाम में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैली और पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए बड़नगर और उज्जैन की पांच दमकल मौके पर हैं और पानी लेकर 28 टैंकर पहुंचे हैं। इसके बाद भी 13 घंटे से आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है।
घटना उज्जैन रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित विक्रम ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम की है। गोदाम संचालक नरपत सिंह के मुताबिक, रात करीब 12 बजे आग लगी। उन्हें करीब दो घंटे बाद इसकी जानकारी मिली। तब तक गोदाम का बड़ा हिस्सा जल चुका था। गोदाम के आसपास रिहायशी इलाका है और पेट्रोल पंप भी है। जिस वजह से प्रशासन आग को लेकर चिंतित है।
5 दमकलें जुटीं
रात करीब 3 बजे दमकल को सूचना दी गई। इसके बाद से अब तक 5 दमकल वाहन आग बुझाने में लगे हैं। आग लगातार फैलने के कारण उसे पूरी तरह नियंत्रित नहीं किया जा सका है।
एक करोड़ से ज्यादा का नुकसान
गोदाम संचालक ने बताया कि आग से अब तक एक करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हो चुका है। आग के कारण गोदाम की दीवार भी कमजोर हो गई है, जिसे गिराने की तैयारी की जा रही है ताकि आग पर काबू पाया जा सके।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगने की आशंका है। हालांकि, आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है।
















































