डीजल से भरा टैंकर पलटा :रतलाम में दिल्ली-मुंबई 8 लेन पर हादसा, गुजरात से दिल्ली जा रहा था टैंकर

रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर बुधवार दोपहर को बायो डीजल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर पलटने से टैंकर में भरा डीजल सड़क पर बहने लगा। डीजल बहता देख आसपास के लोग बर्तन लेकर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बह रहे डीजल को छन्नी और कुप्पी लगाकर कैन और बर्तनों में भर-भर कर अपने घर ले गए। इस दौरान टैंकर चालक केविन में फंसा रहा, पुलिस के आने के बाद उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
देखें तस्वीरें…

टैंकर से सड़क पर डीजल फैलते रहा।

कुप्पी और छन्नी लगाकर लोगों ने कैन और ड्रम में डीजल भरा।

बाइकों से ग्रामीण डीजल लूटने पहुंचे।

महिलाएं भी बर्तन लेकर पहुंची और डीजल भरकर ले गईं।
संतुलन बिगड़ने से पलटा टैंकर हादसा सुबह करीब 12 बजे हुआ है। डीजल लेकर टैंकर गुजरात की तरफ रतलाम की ओर आ रहा था। रावटी थाना अंतर्गत माही नदी पुल क्रॉस करने के बाद भीमपुरा के पास बैलेंस बिगड़ने के कारण टैंकर अचानक से पलटी खा गया। टैंकर पलटने से कुछ दूर घिसटता हुआ गया। इससे टैंकर का एक तरफ का लोहे का चद्दर टूट गया। इससे उसमें भरा कच्चा डीजल सड़क पर बहते हुए पास रोड किनारे में नाले में बहकर जाने लगा।
लोग बर्तन लेकर दौड़े
जैसे लोगों की टैंकर पलटने व उसमें डीजल भरा होने की जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीण 8 लेन पर बर्तन लेकर पहुंच गए। जिसके हाथ में जो बर्तन आया उसमें डीजल भर कर अपने घर ले गए। सूचना मिलने पर डायल 112 के जवान व रावटी थाने के हेड कॉन्स्टेबल हेमंत जाट, कॉन्स्टेबल अवधेश परमार, शैलेंद्र पांचाल भी मौके पर पहुंची। लोगों को टैंकर से दूर भगाया। इसके बाद टैंकर को सीधा किया गया।

नाले में डीजल बहने पर ग्रामीण बर्तनों में भर कर ले गए।
चालक को रतलाम में कराया भर्ती
8 लेन पर हादसे की सूचना मिलने पर 8 लेन की एंबुलेंस के चालक पप्पू माली व अन्य स्टॉफ मौके पर पहुंचा। टैंकर में केवल अकेला ड्राइवर था। जिसका नाम हनुमान प्रसाद सामने आया है। हाथ व अंदरुनी चोट लगने पर उसे एंबुलेंस से दोपहर 2 बजे मेडिकल कॉलेज में लाकर भर्ती कराया।
















































