रतलाम जिले में भाजपा नेता के साथ बदमाशों ने की मारपीट, आरोपी बोले हम इस इलाके के दादा, शराब के लिए पैसे दो..

रतलाम ब्यूरो: रतलाम जिले में इन दिनों क्राइम की घटनाएं बढ़ गई है। आम आदमी तो छोड़िए अब प्रदेश में भाजपा की सरकार होते हुए भी बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि भाजपा नेताओं से ही मारपीट और डरा-धमका कर शराब हेतु पैसे मांगे जा रहे हैं। जी हां रतलाम जिले के जावरा क्षेत्र से सामने आई एक घटना ने पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बना दिया है। जानकारी के अनुसार रतलाम जिले के जावरा बस स्टैंड क्षेत्र में कुछ बदमाश लोगों से जबरन वसूली कर रहे हैं। खुद को जावरा के दादा बताते हुए रुपए मांगते हैं और नहीं देने पर मारपीट तक करते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें बदमाशों ने शराब पीने के लिए रुपए मांग और नहीं देने पर सुजापुर के पूर्व सरपच एवं भाजपा नेता के साथ मारपीट की। सिटी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू की है।
ग्राम सुजापुर निवासी सुभाषचंद्र पांचाल ने रिपोर्ट में पुलिस को बताया कि 30 अगस्त को जरूरी काम होने से जावरा बाजार आए थे। बस स्टैंड क्षेत्र में शेविंग बनवाने रुके और इसी बीच लघुशंका के लिए बस स्टैंड की साइड में गली तरफ गए। वहीं पर तीन आरोपी शब्बू उर्फ शरीफ मेवाती निवासी पठान टोली, राजा शाह व अनीस मेवाती निवासी ताल नाका जावरा मिले। इन्होंने कहा कि हम यहां के दादा हैं और हमें शराब पीने के लिए रुपए दो। मना करने पर शब्बू ने गला पकड़ लिया तथा मारपीट शुरू कर दी। अनीस ने चाकू दिखाते हुए डराया धमकाया भी। इसके बाद आरोपियों ने जबरन जेब से पर्स निकाला और ले गए। इसमें 4 हजार रुपए नकद तथा आधार कार्ड भी रखा हुआ था।
आरोपियों ने डराया धमकाया था कि रिपोर्ट करने गए तो खत्म कर देंगे। इसलिए घटनाक्रम के बाद फरियादी सुभाष पांचाल घर चले गए। वे दो दिन बाद गुरुवार शाम को अपने स्नेहीजनों के साथ थाने पहुंचे और पूरा घटनाक्रम बताते हुए एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी शब्बू, राजा व अनीस तीनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 119 (1), 115 (2), 351 (3) और 3 (5) में केस दर्ज किया है।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, दो जेल गए, एक रिमांड पर
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर ओमप्रकाश राठौर ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शब्बू से पर्स व 900 रुपए तथा राजा व अनीस से 800-800 रुपए बरामद किए हैं। वहीं अनीस के पास से खटकेदार चाकू भी जब्त किया है। तीनों को कोर्ट में पेश किया। जहां से अनीस व राजा को जेल भेज दिया जबकि संपत्ति संबंधी पुराने अपराधों में पूछताछ के लिए शब्बू उर्फ शरीफ मेवाती को रिमांड पर लिया है। (Ratlam News)


























