मंदसौर

मंदसौर में पारदी गैंग पकड़ाई, 7 चोरी की वारदातें कबूलीं:गोदाम से तांबे के बर्तन भी चुराए; 3 नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार

मंदसौर की पिपलियामंडी पुलिस ने पारदी गैंग का खुलासा करते हुए 3 नाबालिगों समेत 5 आरोपियों को पकड़ा है। गैंग ने सोलर प्लांट से केबल और बर्तन गोदाम से तांबे के बर्तन चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6.50 लाख रुपए का मश्रुका बरामद किया है। आरोपियों ने पिपलियामंडी और वायडीनगर थाना क्षेत्र में कुल 7 चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।

दिन में रेकी, रात में चोरी

पुलिस के मुताबिक आरोपी दिन में मोटरसाइकिल से घूमकर सोलर पावर प्लांट, सुनसान मकान, गोदाम और दुकानों की रेकी करते थे। रात में मौका देखकर साथियों के साथ पहुंचते और तांबे की केबल, बर्तन और अन्य कीमती सामान चोरी कर कुछ ही मिनटों में फरार हो जाते थे।

गैंग की नजर खास तौर पर तांबे के वायर, बर्तन और अन्य कीमती धातुओं पर रहती थी। सोलर प्लांट से चोरी की गई केबल को जलाकर उसमें से तांबा निकाला जाता था। पुलिस के अनुसार चोरी का तांबा और धातु से बने सामान मंदसौर और नीमच में कम कीमत पर बेचने की बात सामने आई है। वारदातों में आरोपी नाबालिगों को भी साथ रखते थे।

पिपलियामंडी की 3 और वायडीनगर की 4 वारदातें कबूलीं

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पिपलियामंडी थाने की 3 और वायडीनगर थाने की 4 वारदातों सहित कुल 7 चोरी में शामिल होना स्वीकार किया है। इनमें पिपलियामंडी के बालाजी मंदिर क्षेत्र और वायडीनगर थाना क्षेत्र के सोलर प्लांट से केबल चोरी की वारदातें शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक 8 जुलाई 2026 को बोतलगंज के सौर ऊर्जा प्लांट से करीब 3 लाख रुपए की केबल चोरी हुई थी। वहीं 7 अक्टूबर 2026 को पिपलियामंडी के बर्तन गोदाम से तांबे के बर्तन चोरी किए गए थे। जांच के बाद पुलिस ने महेंद्र सिंह पारदी (38) और गोलू पारदी (24) को गिरफ्तार किया। तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया है।

18 किलो तांबा और 2 लाख के बर्तन बरामद

आरोपियों की निशानदेही पर सोलर प्लांट से चोरी की गई करीब 3 लाख रुपए कीमत की केबल को जलाकर निकाला गया 18 किलो तांबा बरामद किया गया। इसके अलावा बर्तन गोदाम से चोरी किए गए करीब 2 लाख रुपए कीमत के पुराने तांबे के बर्तन और अन्य सामान भी जब्त किया गया।

तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त

पुलिस ने चोरी की वारदातों में इस्तेमाल तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं। इनमें बजाज पल्सर, हीरो एचएफ डीलक्स और हीरो स्प्लेंडर प्लस शामिल हैं। तीनों की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है। इस तरह पुलिस ने करीब 6.50 लाख रुपए का मश्रुका जब्त किया है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी का सामान कहां-कहां बेचा गया और गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button