मंदसौर

गुरुवार से सावन की शुरुआत:मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर में सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक खुले रहेंगे पट

मंदसौर में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार सुबह से विश्व प्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। वहीं, गुरुवार से शुरू हो रहे सावन महीने और पहले सावन सोमवार को देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं।

मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, सावन महीने में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए दर्शन के लिए कतार व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

गुरु पूर्णिमा पर भी कई जगह कार्यक्रम हुए गुरु पूर्णिमा के अवसर पर चैतन्य आश्रम, मैनपुरिया के पीठाधीश्वर स्वामी मणि महेश जी महाराज ने बताया कि भगवान पशुपतिनाथ मंदिर की स्थापना परम पूज्य स्वामी प्रत्यक्षानंद जी महाराज ने की थी। इस अवसर पर मंदिर परिसर में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर गुरु पूजा की गई। चैतन्य आश्रम में भी दिनभर गुरु वंदना, पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सावन मास की तैयारियां पूरी पशुपतिनाथ मंदिर के पुजारी राकेश भट्ट ने बताया कि सावन महीने के शुभारंभ पर स्वामी प्रत्यक्षानंद जी महाराज और मस्तराम जी महाराज की विशेष पूजा की जाएगी। पशुपतिनाथ प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं जिला कलेक्टर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सावन महीने का शुभारंभ करेंगे।

उन्होंने बताया कि सावन महीने के दौरान प्रतिदिन सुबह 5 बजे मंदिर के पट खोले जाएंगे। इसके बाद भगवान का श्रृंगार, अभिषेक और आरती होगी। सुबह 11 बजे राजभोग अर्पित किया जाएगा। शाम को शयन आरती के बाद रात 11 बजे मंदिर के पट बंद किए जाएंगे।

सावन महीने के दौरान जिले सहित प्रदेश और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर प्रबंध समिति और पुलिस प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button