8 लेन के पेट्रोलिंग वाहन को पीछे से मारी टक्कर:ट्रक खराब होने पर मदद के लिए पहुंचा था स्टॉफ, ट्रक व डिवाइडर के बीच फंसा वाहन

रतलाम से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई 8 लेन पर शुक्रवार रात खराब ट्रक के पास सुरक्षा इंतजाम कर रहे पेट्रोलिंग वाहन को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में रूट पेट्रोलिंग ऑफिसर घायल हो गए, जबकि ड्राइवर को मामूली चोट आई। शनिवार सुबह रावटी क्षेत्र में भी एक ट्रक पलट गया। दोनों हादसों में किसी की जान नहीं गई।
खराब ट्रक के पास सुरक्षा इंतजाम कर रहा था पेट्रोलिंग दल
हादसा शिवगढ़ थाना क्षेत्र में वालारुंडी गांव के पास मुंबई से रतलाम की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ। शुक्रवार रात करीब 1 बजे 8 लेन पर एक ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा हो गया था। ड्राइवर ने हाईवे सुरक्षा के हेल्पलाइन नंबर 1033 पर सूचना दी।
सूचना मिलने पर पेट्रोलिंग वाहन क्रमांक AP 43 C 4390 से रूट पेट्रोलिंग ऑफिसर शिवा सिंगाड़िया, हेल्पर सीताराम मकवाना और ड्राइवर रेवन डांगी मौके पर पहुंचे। दूसरे वाहन से दुर्घटना न हो, इसके लिए टीम बैरिकेड्स और अन्य सुरक्षा संसाधन लगा रही थी। हेल्पर और ड्राइवर बाहर खड़े थे, जबकि रूट पेट्रोलिंग ऑफिसर वाहन में बैठ गए थे।
इसी दौरान थांदला की तरफ से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने पेट्रोलिंग वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पेट्रोलिंग वाहन पहले से खड़े ट्रक और सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराया। हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसके कांच टूट गए। रूट पेट्रोलिंग ऑफिसर घायल हो गए।

भीमपुरा के पास कपड़ों से भरा ट्रक पलटा।
एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया
सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। शनिवार दोपहर कर्मचारी छुट्टी लेकर चले गए। टक्कर से सड़क किनारे खड़ा ट्रक भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
शिवगढ़ थाना प्रभारी लीलियन मालवीय ने बताया कि पेट्रोलिंग वाहन को पीछे से टक्कर मारी गई थी। कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। ट्रक जब्त कर लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
रावटी क्षेत्र में पलटा ट्रक
रावटी थाना क्षेत्र में भी शनिवार सुबह करीब 11 बजे 8 लेन पर हादसा हुआ। भीमपुरा के पास गुजरात की ओर से आ रहा कपड़ों से भरा ट्रक (UP-21 FT 9653) पलट गया। बताया गया कि तेज रफ्तार के कारण ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।



















































