Indian Railway: गुड्स रेल लाइन बिछाने तीन महीने बंद रहेगा जरारा रेल अंडरब्रिज, जड़ेरुआ आरयूबी से 1 किमी का होगा डायवर्सन

New Railway Line: मुरैना के सांक मालगोदाम में नई गुड्स लाइन को टेकरी से जरारा होते हुए रिठौरा मार्ग पर बने अंडरब्रिज के ऊपर से गुजारा जाएगा। ऐसे में रिठौरा रोड के जरारा गांव अंडरब्रिज की लंबाई बढ़ाने का काम 3 महीने तक चलेगा। यही वजह है कि 6 फरवरी से 3 महीने (काम पूरा होने तक) के लिए टेकरी से जरारा होकर रास्ता सभी तरह के वाहनों के लिए बंद रहेगा। ट्रैफिक को जड़रुआ होकर अंडरब्रिज से गुजारा जाएगा। यहां अंडरब्रिज पार करने के बाद ट्रैफिक को 1 किमी लंबे डायवर्सन के जरिए रिठौरा रोड से कनेक्ट किया जाएगा। यानि रिठौरा से मुरैना आने पर निर्माणाधीन अंडरब्रिज से ठीक पहले डायवर्सन मिल जाएगा।
मुरैना या ग्वालियर से रिठौरा जाने वालों को जरारा गांव पर निर्माणाधीन अंडरब्रिज पर रास्ता बंद मिलेगा। इन वाहनों को जड़ेरुआ होकर डायवर्सन रोड से वापस रिठौरा रोड पर आकर आगे बढ़ना होगा। इस प्रोजेक्ट का काम कर रही झांसी की पीएम गति शक्ति यूनिट ने जड़ेरुआ अंडर ब्रिज (445) और रिठौरा रोड पर जयरा स्थित अंडर ब्रिज (444) के बीच में जीएसबेस से डायवर्सन तैयार किया है। मुरैना से रिठौरा जाने वाले वाहनों को इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन टेकरी से रिठौरा जाने वाले वाहनों को करीब 3 किमी लंबा चक्कर काटना होगा।
6 मीटर बढ़ेगी जरारा स्थित ब्रिज की लंबाई
वर्तमान में रिठौरा रोड स्थित जरारा अंडर पास के ऊपर से 3 रेलवे लाइन गुजरी हैं। लेकिन चौथी गुड्स लाइन को गुजारने के लिए पुल की लंबाई कम पड़ रही है। इस पुल की लंबाई में 6 मीटर बढ़ोतरी की जानी है। ऐसे में यह अंडर ब्रिज करीब 6 मीटर और जरारा गांव की तरफ बढ़ेगा।

























