अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:मंदसौर के बूढ़ा-टकरावद रोड पर हादसा, परिजन बोले- टक्कर मारकर भागा ड्राइवर, CCTV से हो पहचान

मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में सोमवार को सड़क हादसे में बाइक सवार लालसिंह ईश्वर सिंह, निवासी खेड़ा काल्याखेड़ी, की मौत हो गई। बूढ़ा-टकरावद रोड पर गर्रावद फंटे के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में लालसिंह को सिर, कंधे और पैरों में गंभीर चोटें आईं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद लालसिंह करीब डेढ़ घंटे तक सड़क किनारे पड़े रहे। बाद में एक राहगीर ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

तेज टक्कर से बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त।
परिजनों का आरोप- घायल को छोड़कर भाग गया चालक
परिजनों का आरोप है कि बाइक को टक्कर मारने वाला फोरव्हीलर चालक घायल लालसिंह को मौके पर छोड़कर अपनी गाड़ी निकालने में लगा रहा और इसके बाद वहां से भाग गया। परिजनों ने पुलिस से हादसे वाली जगह और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालकर वाहन और चालक का पता लगाने की मांग की है।
पुलिस ने मर्ग कायम किया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान को लेकर जांच कर रही है।





































