MP में 3 दिन से बारिश, 527 लोगों का रेस्क्यू:भोपाल में 200 मकानों में भरा पानी, शिवपुरी में हाईवे जाम; जबलपुर में युवक डूबा

मध्य प्रदेश में बीते 3 दिन से बारिश का दौर जारी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को राज्य आपदा प्रबंधन के सिचुएशन रूम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बाढ़ प्रभावित इलाकों को देखा। प्रभावित लोगों का हाल भी जाना। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक प्रदेश में 527 बाढ़ प्रभावितों का रेस्क्यू किया गया है।
भोपाल में 2 दिन में 8 इंच पानी गिर चुका है। यहां सोमवार-मंगलवार को सभी स्कूल बंद रहे। करीब 200 मकानों में ढाई फीट तक पानी घुस गया। रास्ते घंटों बंद रहे। कई जगह ट्रांसफार्मर और डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स तक पानी पहुंचने पर सुरक्षा के लिए सप्लाई बंद करनी पड़ी।
24 घंटे की बात करें तो राजगढ़ के ब्यावरा में 9 इंच, खिलचीपुर में 8 इंच, जीरापुर में 7.7 इंच, राजगढ़ शहर में 4.4 इंच, नरसिंहपुर में 3.7 इंच, पचोर में 3.7 इंच, सारंगपुर में 3.6 इंच बारिश हुई है।
इसी तरह आगर-मालवा के सोयतकलां में 7.7 इंच, आगर शहर में 3.6 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। शाजापुर के गुलाना में 3.8 इंच, गुना के कुंभराज में 3.7 इंच, शाजापुर शहर में 3.4 इंच, मंदसौर के गरोठ में 2.7 इंच, उज्जैन के महिदपुर और माकड़ोन में ढाई इंच पानी गिरा है।
पहले पढ़िए, प्रदेश का हाल…
नर्मदापुरम में लगातार बारिश से नर्मदा नदी का लेवल 9.6 फीट जबकि तवा डैम का जलस्तर 8.5 फीट बढ़ गया है। शिवपुरी में ककरवाया के पास NH-46 पर बारिश का पानी भरने से जाम लग गया।
रायसेन में सांची रोड पर पगनेश्वर और भोपाल रोड पर जाखा बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ने से छोटे पुल डूब गए। जिले के सभी स्कूलों में छुट्टी रही। सेमरा के पीएमश्री हाईस्कूल परिसर में कमर तक पानी भर गया।
शिवपुरी में न्यू पुलिस लाइन स्टेशन रोड पर पानी से भरे गड्ढे में स्कूली वैन फंस गई। बच्चों ने टायर के नीचे पत्थर डालकर धक्का लगाया। सीहोर में भीलाखेड़ी नदी के पास मकान में एक ही परिवार के 10 लोग घिर गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उन्हें निकाला।
जबलपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर छीता खुदरी बांध में नहाते समय पश्चिम बंगाल का शेख अब्दुल (35) डूब गया। करीब 48 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद मंगलवार को बांध के दूसरे किनारे पर उसका शव पानी में तैरता मिला।
खरगोन में लगातार बारिश के चलते अपरवेदा बांध के दो गेट डेढ़-डेढ़ मीटर खोल दिए गए हैं। 24 गांव में अलर्ट जारी किया गया है।
अब देखिए, बारिश की तस्वीरें…

नेशनल हाईवे 46 पर एक फीट तक पानी भर गया। ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई।

भीलाखेड़ी नदी के पास एक परिवार के 10 लोग पानी से घिर गए। उन्हें सुरक्षित निकाला गया।

पगनेश्वर और जाखा बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ने से छोटे पुल डूब गए हैं।

सेमरा के पीएमश्री हाईस्कूल परिसर में पानी भर गया। शिक्षक पहुंचे लेकिन बच्चे नहीं आए।

न्यू पुलिस लाइन स्टेशन रोड पर पानी से भरे गड्ढे में स्कूली वैन फंस गई। इसमें बच्चे सवार थे।

नर्मदा में 48 घंटे में करीब 10 फीट पानी बढ़ा है। सेठानी घाट पर जलस्तर 946.40 फीट पहुंच गया है।
डैम लबालब, भोपाल के बड़े तालाब में 1663 फीट पानी
लगातार बारिश से प्रदेश के डैम और तालाबों का जलस्तर भी बढ़ा है। भोपाल के बड़े तालाब में एक दिन में करीब पौन फीट पानी बढ़ा और जलस्तर 1663 फीट पहुंच गया। नर्मदा के उफान पर होने से इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर डैम का जलस्तर भी बढ़ा है। वहीं, उमरिया के जोहिला और आगर-मालवा के कुंडालिया डैम से पानी छोड़ा जा रहा है।
























