शाजापुर और मंदसौर में तेज बारिश:दो दिन में भोपाल-उज्जैन पहुंचेगा मानसून; ग्वालियर-चंबल, सागर-रीवा में और लेट होगा

मध्य प्रदेश में मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में मानसून भोपाल और उज्जैन संभाग तक पहुंच जाएगा। वहीं ग्वालियर-चंबल, सागर, रीवा और शहडोल संभाग में मानसून सबसे आखिर में दस्तक देगा।
24 घंटे के दौरान प्रदेश के 15 से ज्यादा जिलों में आंधी और बारिश हुई। सबसे ज्यादा करीब 2 इंच बारिश शाजापुर और नर्मदापुरम में दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
45 जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 45 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। आगर-मालवा और सीहोर में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, धार, झाबुआ, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, शहडोल, सागर, दमोह, छतरपुर समेत कई जिलों में भी बारिश की संभावना है।
हालांकि ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में फिलहाल मौसम साफ रहने और धूप निकलने का अनुमान है।
शुजालपुर में 2 घंटे झमाझम बारिश, जलभराव
शाजापुर जिले के शुजालपुर में शुक्रवार दोपहर करीब दो घंटे तक मूसलधार बारिश हुई। कई सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए। गणेश मंदिर मार्ग की गली नंबर-2 में पानी भरने से कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।
इस मानसून में अब तक शुजालपुर में 130 मिमी बारिश हो चुकी है, जो पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी है। अच्छी बारिश के बाद किसानों ने खरीफ फसलों की बुआई भी तेज कर दी है।
मंदसौर में भी बारिश से बदला मौसम
मंदसौर शहर सहित मल्हारगढ़, पिपलिया मंडी, नारायणगढ़, दलोदा और बही पार्श्वनाथ समेत कई इलाकों में शुक्रवार दोपहर अच्छी बारिश हुई। बारिश से मौसम सुहावना हो गया और किसानों को भी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में जिले में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
अब तक इन जिलों में आ चुका मानसून
आलीराजपुर, इंदौर, हरदा, धार, बैतूल, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खरगोन, सिवनी, बालाघाट, मंडला, बड़वानी, डिंडौरी में मानसून के आने की घोषणा हो चुकी है।






