मंदसौर में 5 से 8 नवंबर तक बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था:मुख्य बाजारों में फोर-व्हीलर और ऑटो बंद, जानें पार्किंग और रूट प्लान

मंदसौर में दीपावली पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। यह व्यवस्था 5 से 8 नवंबर तक लागू रहेगी। इस दौरान प्रमुख बाजारों में ऑटो रिक्शा, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, दोपहिया वाहन पहले की तरह चल सकेंगे।
सुबह 10 से रात 9 बजे तक प्रतिबंध
यातायात पुलिस के अनुसार, कालिदास मार्ग, घंटाघर और सदर बाजार क्षेत्र में सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक ऑटो रिक्शा, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
भारत माता चौराहा, अर्जुन चाट दुकान, परंपरा ज्वेलर्स, शुक्ला चौक, जगतपुरा चौराहा, प्रतापगढ़ पुलिया और कालिका माता मंदिर सहित विभिन्न स्थानों से सदर बाजार, सम्राट मार्केट और कालिदास मार्ग की ओर जाने वाले इन वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
छोटे पिकअप को मिल सकती है छूट
व्यापारियों की सुविधा के लिए माल लाने-ले जाने वाले छोटे पिकअप वाहनों को परिस्थितियों के अनुसार प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकानों पर माल की अनलोडिंग सुबह 10 बजे से पहले या रात 9 बजे के बाद करवाएं।
कालाखेत और प्रतापगढ़ पुलिया के पास पार्किंग
वाहनों की पार्किंग के लिए कालाखेत मैदान और प्रतापगढ़ पुलिया के पास खाली मैदान निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से मुख्य बाजारों में बड़े वाहनों का उपयोग नहीं करने और दुकानों के सामने दोपहिया वाहन खड़े नहीं करने की अपील की है।
बाजारों में दोपहिया वाहनों का आवागमन सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।




































