मध्यप्रदेश

ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ के सोने-हीरे के जेवर चोरी:दीवार में 2 फीट का छेद किया, नीचे बिछाए पत्ते; गैस कटर से तिजोरी काटी

पुलिस के स्निफर डॉग ने शोरूम का जायजा लिया। - Dainik Bhaskar

कटनी के बरगवां में किसना ज्वेलर्स शोरूम की पिछली दीवार तोड़कर बदमाश अंदर घुस गए। करीब 12 करोड़ रुपए के सोने-हीरे के जेवर चोरी कर ले गए। पुलिस को लाल पहाड़ी से ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर और पेचकस समेत कई सामान मिले हैं।

पुलिस ने सुरक्षा गार्ड भागवत तिवारी को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। चोरों की तलाश में अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। दिवाली के चलते शोरूम में ज्वेलरी का एक्स्ट्रा स्टॉक रखा था।

देखिए तस्वीरें

पुलिस टीम स्निफर डॉग के साथ शोरूम पहुंची।

पुलिस टीम स्निफर डॉग के साथ शोरूम पहुंची।

अधिकारियों ने शोरूम के आसपास भी जायजा लिया।

अधिकारियों ने शोरूम के आसपास भी जायजा लिया।

स्निफर डॉग शोरूम से निकलने के बाद लाल पहाड़ी की तरफ गया। हालांकि, पुलिस को वहां से कुछ बरामद नहीं हुआ।

स्निफर डॉग शोरूम से निकलने के बाद लाल पहाड़ी की तरफ गया। हालांकि, पुलिस को वहां से कुछ बरामद नहीं हुआ।

दीवार में पौने दो फीट का छेद किया

संचालक के मुताबिक, बदमाशों ने शोरूम की पिछली दीवार में करीब पौने दो फीट का छेद किया था। इसके बाद दीवार के टूटे हिस्से के नीचे पत्ते बिछा दिए। ऐसा इसलिए किया गया, ताकि अंदर घुसते समय और सिलेंडर को अंदर सरकाते वक्त आवाज न हो।

जून में शुरू हुआ था शोरूम, सभी जेवरों का बीमा

किसना ज्वेलर्स के संचालक मोहन बजाज ने बताया कि शोरूम इसी साल जून में शुरू किया गया था। यहां रखे सभी आभूषणों का बीमा कराया गया था। दिवाली के कारण शोरूम में सामान्य दिनों से ज्यादा जेवर रखे गए थे।

तिजोरी काटकर उसमें रखे आभूषण निकाले

पुलिस के मुताबिक, लाल पहाड़ी से गैस कटर के साथ बड़ा ऑक्सीजन सिलेंडर और एक घरेलू गैस सिलेंडर मिला है। इससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाश गैस कटर लेकर शोरूम में घुसे थे। चोरों ने गैस कटर से तिजोरी काटकर उसमें रखे आभूषण निकाले।

वारदात के दौरान आसपास के लोगों को कोई आवाज सुनाई नहीं दी। शोरूम में घुसने के तरीके को देखते हुए बदमाशों की संख्या 6 से अधिक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सुबह 4 से 7 बजे के बीच चोरी की आशंका

एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने बताया- शुरुआती जांच में चोरी 12 नवंबर की सुबह 4 से 7 बजे के बीच होने का अनुमान है। बदमाशों ने दीवार तोड़कर शोरूम में रास्ता बनाया। सेफ और डिस्प्ले काउंटरों को निशाना बनाया।

लाल पहाड़ी की तरफ गया था स्निफर डॉग

पुलिस का स्निफर डॉग शोरूम से निकलने के बाद लाल पहाड़ी की तरफ गया था। उस समय वहां से कुछ बरामद नहीं हुआ था। बाद में पुलिस को लाल पहाड़ी से पानी की कुछ खाली बोतलें, तीन पेचकस, एक पाना और कुछ कपड़े भी मिले। पुलिस इन सामानों के आधार पर जांच कर रही है।

CCTV फुटेज और फिंगरप्रिंट की जांच

पुलिस ने शोरूम के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों के आने और भागने का रास्ता पता चल सके।

फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। सुरक्षा में तैनात गार्ड भागवत तिवारी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। चोरों की तलाश के लिए जांच टीमें गठित कर अलग-अलग दिशाओं में रवाना की गई हैं।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button