जय शाह लगातार दूसरी बार निर्विरोध ICC चेयरमैन:यह पद संभालने वाले 5वें भारतीय, शशांक मनोहर दो बार चेयरमैन रहे

जय शाह लगातार दूसरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन बने हैं। ICC के बोर्ड और कमेटी की बैठकों में उन्हें निर्विरोध चुना गया।
इंडोनेशिया के बाली में हुई बैठक में डायरेक्टर्स ने जय शाह को फिर चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव दिया था। जय शाह लगातार दो बार यह पद संभालने वाले दूसरे भारतीय हैं।

ICC चेयरमैन जय शाह ने कहा-
- ICC चेयरमैन के रूप में काम करना बड़ी जिम्मेदारी है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करता रहूंगा।
- 2028 लॉस एंजिलिस ओलिंपिक में क्रिकेट की वापसी हमारे लिए नए दर्शकों तक पहुंचने का बड़ा मौका है।
- हमें क्रिकेट का भविष्य मजबूत बनाना है। इसके लिए खिलाड़ियों, फैंस, कमर्शियल पार्टनर्स और खेल से जुड़े सभी लोगों के हितों का ध्यान रखना होगा।
शाह 2 साल पहले पहली बार चेयरमैन बने थे शाह
जय शाह 2024 में पहली बार ICC के चेयरमैन बने थे। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। 36 साल के जय शाह ICC के सबसे कम उम्र के चेयरमैन बने थे।
ICC चीफ को 2015 से पहले तक प्रेसिडेंट कहा जाता था। इसके बाद से इसे चेयरमैन कहा जाने लगा।
लगातार दूसरी बार ICC चेयरमैन बनने वाले दूसरे भारतीय
जय शाह आईसीसी प्रमुख बनने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर यह पद संभाल चुके हैं। शशांक मनोहर लगातार 2 बार ICC चेयरमैन रहे हैं।
शशांक ने नवंबर 2015 से मई 2016 तक BCCI प्रेसिडेंट रहते हुए अंतरिम चेयरमैन के रूप में यह जिम्मेदारी संभाली थी। फिर वे मई 2016 में ICC चेयरमैन चुने गए। वे मई 2018 में दोबारा निर्विरोध चुने गए। उन्होंने 30 जून 2020 को दूसरा कार्यकाल पूरा किया।