इंदौर में पटेल ब्रिज पर हादसा… नगर निगम के टैंकर ने कई कारों को चपेट में लिया, बाइक और ठेलों को भी मारी टक्कर

ग्वालटोली थाना क्षेत्र के पटेल ब्रिज पर आज उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब नगर निगम के एक पानी से भरे टैंकर के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के कारण टैंकर पूरी तरह बेकाबू हो गया और उसने सड़क पर चल रही एक कार, दो बाइकों और कई ठेलों को जोरदार टक्कर मार दी। इस अचानक हुई टक्कर से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
चालक ने सूझबूझ से टाला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टैंकर के बेकाबू होते ही चालक ने लोगों की जान बचाने के लिए सूझबूझ दिखाई और वाहन को फुटपाथ पर चढ़ाकर रोकने की कोशिश की। समय रहते वाहन के रुक जाने से एक बहुत बड़ा हादसा होने से बच गया। हालांकि, इस टक्कर की चपेट में आने से 3 से 4 कारें और 2 बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के वक्त वाहन में मौजूद एक व्यक्ति को चोट आई है, जिसे इलाज के लिए भेजा गया है।
गुस्साए लोगों का हंगामा, चालक फरार
हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने बेकाबू टैंकर में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। वहीं, हादसे के तुरंत बाद टैंकर का चालक मौका पाकर वहां से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

















































