MP News: मप्र में महिला-बाल विकास हेतु खर्च होंगे 156 करोड़, लोक सेवा गारंटी के लिए सरकार खर्च करेगी 360 करोड़ रुपए

MP News: मध्य प्रदेश राज्य की महिलाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने महिला-बाल सुरक्षा की तीन योजनाओं के लिए करोड़ों रुपए की राशि मंजूर की है। इन योजना के लिए सरकार 156 करोड़ रुपए खर्च करेगी। मोहन यादव सरकार प्रदेश के निवाड़ी, मैहर, पांढुर्णा, मऊगंज सहित 4 जिलों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर 113.50 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इसके अलावा इस योजना के तहत कटनी, बीना, मेघनगर, सिंगरौली के रेलवे स्टेशन और 8 बस स्टैंड पर हेल्पडेस्क खोले जाएंगे। प्रदेश में सरकार ने शौर्य दल योजना के लिए 15 करोड़ रुपए और पॉस्को पीड़ित बालिकाओं के लिए 27.5 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।
लोक सेवा गारंटी, 360 करोड़ रुपए
मध्य प्रदेश राज्य में इस बार मोहन यादव सरकार लोक सेवा गारंटी कानून के क्रियान्वयन को 2031 तक जारी रखने के लिए भी करोड रुपए खर्च करने जा रही है। इस योजना को 2030-31 तक जारी रखने के लिए मप्र सरकार ने 360 करोड़ रुपए मंजूरी दी है। बता दें कि प्रदेश में इस योजना के तहत सरकार राज्य के लोगों को 637 सेवाएं ऑनलाइन दे रही है। इस बार सरकार ने लोक सेवा गारंटी के तहत प्रदेश के सभी 55 जिलों में संचालित हेल्पलाइन व सीएम डेशबोर्ड और 444 लोक सेवा केंद्रों के लिए 360 करोड रुपए मंजूर किए हैं। (MP NEWS)












































