मंदसौर

दलोदा में वाहन की टक्कर से महिला की मौत:हादसे के बाद ड्राइवर फरार, देर रात तक नहीं हुई मृतका की शिनाख्त

मंदसौर जिले के दलोदा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। यह हादसा फतेहगढ़ के पास होटल देव ठाणी के पास रात करीब 11 बजे हुआ। टक्कर मारने के बाद वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

राहगीरों ने महिला को सड़क पर घायल अवस्था में देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दलोदा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और महिला को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी। देर रात तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

पुलिस उसकी पहचान और परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला भिक्षावृत्ति कर जीवन-यापन करती थी।

मृतका के शव को जिला चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया गया है। परिजनों की पहचान होने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा और शव उन्हें सौंपा जाएगा। हादसे में महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं।

दलोदा थाना प्रभारी रविंद्र डांगी ने बताया कि महिला सड़क पर मृत अवस्था में मिली थी। उन्होंने पुष्टि की कि फिलहाल उसकी पहचान कराने और परिजनों की तलाश के प्रयास जारी हैं। पहचान होने के बाद नियमानुसार पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button