मंदसौर

Mandsaur News: जिले का 8 साल का इंतजार अब होगा खत्म, 4.50 करोड़ से अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वीमिंग पूल तैयार, मिलेगी सुविधा

Mandsaur News: तैराकी का शौक रखने वाले युवा लंबे समय से नगर में स्वीमिंग पूल का इंतजार कर रहे थे। इनका 8 साल का यह इंतजार अब खत्म होगा। सांडिया रोड स्थित वृंदावन गार्डन के पास 4.50 करोड़ की लागत से बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वीमिंग पूल का काम 95 फीसदी पूरा हो चुका है। सिर्फ 5 फीसदी फिनिशिंग का काम बचा है। नगर परिषद का दावा है कि मार्च महीने के अंत तक काम पूरा कर स्वीमिंग पूल शुरू कर दिया जाएगा।

स्वीमिंग पूल का भूमिपूजन 2018 में हुआ था। उस समय जिले की प्रभारी मंत्री रही अर्चना चिटनीस ने जमीन आवंटन से पहले ही भूमिपूजन कर दिया था। बाद में जमीन आवंटन को लेकर काफी दिक्कतें आईं। जमीन आवंटन के बाद 2023 में स्वीमिंग पुल का काम शुरू हुआ। फंड की कमी के चलते काफी समय तक निर्माण कार्य बंद रहा। कछुआ चाल से निर्माण कार्य होने से देरी हुई है। पहले इसकी लागत 1.50 करोड़ थी। इसके बाद यह 4 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। निर्माण को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. सीमा अजय तिवारी ने लगातार शासन से फंड लाने के प्रयास किए। इसका परिणाम यह हुआ कि अब जाकर निर्माण कार्य पूरा हुआ है। स्वीमिंग पुल 25 बाय 50 मीटर का है। इसमें 25 लाख लीटर पानी के भराव की क्षमता है। सबसे बड़ी बात यह है कि स्वीमिंग पूल में रात में भी तैराकी हो सकेगी। इसके लिए पुल लाइट से लैस किया है। स्वीमिंग पुल के अलावा यहां मेडिकल रूम, गेस्ट रूम, महिला पुरुष के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम और अन्य रूम की व्यवस्था रहेगी।

3 करोड़ रु. का भुगतान निर्माण एजेंसी को किया

रविश कादरी, उपयंत्री, नप मनासा ने बताया कि स्वीमिंग पूल का काम 95 फीसदी पूरा हो चुका है। मार्च महीने में फिनिशिंग का काम भी कम्प्लीट हो जाएगा। अब तक 3 करोड़ का भुगतान निर्माण एजेंसी को परिषद द्वारा किया गया है। इसमें सांसद, विधायक और निकाय निधि शामिल है। मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में इसे चालू कर देंगे।

नप अध्यक्ष प्रतिनिधि और सीएमओ ने किया निरीक्षण

स्वीमिंग पुल निर्माण को लेकर मंगलवार को नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय तिवारी और नवागत सीएमओ संजय पाटीदार ने उपयंत्री रविश कादरी के साथ में निरीक्षण कर जायजा लिया। साथ ही ठेकेदार को फिनिशिंग का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। यह मार्च के पहले सप्ताह तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद नगर परिषद द्वारा लोकार्पण कर इसे युवाओं एवं आमजनता को समर्पित किया जाएगा। नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि तिवारी ने बताया कि मार्च के अंत तक स्वीमिंग पूल की शुरुआत हो जाएगी।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button