मंदसौर

भगोर में महाशिवरात्रि पर लगेगा शिवभक्तों का मेला महारुद्राभिषेक, श्रीमद् देवी भागवत महापुराण कथा भी होगी

Mandsaur News: मंदसौर जिले के ग्राम भगोर स्थित प्राचीन नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में श्रीमद्देवी भागवत महापुराण कथा होगी। मंगलवार को इसे लेकर नीलकंठेश्वर धाम पर आगामी आयोजन के संबंध में मंदिर समिति की बैठक हुई।

महापुराण 9 से 15 फरवरी तक शिव-शक्ति समन्वित देवी के स्वरूप पर आधारित होगा। कथा वाचन अन्नपूर्णा शक्तिपीठ के महामंडलेश्वर मधुसूदनानंद गिरी महाराज के मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 12 से 3 बजे तक होगा। शुभारंभ के दिन चंबल नदी के तट से सुबह 10 बजे कलश यात्रा पूरे गांव से होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी।

इस दौरान भगोर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। कथा में प्रतिदिन उज्जैन से आए विद्वान आचायों द्वारा विशेष अनुष्ठान व दूध से भगवान नीलकंठ का महारुद्राभिषेक किया जाएगा। महाशिवरात्रि पर शिव परिवार विवाह उत्सव, रात्रि जागरण व सुंदरकांड का पाठ गुरुदेव डॉ. पंडित मिथिलेश नागर करेंगे। वहीं महाशिवरात्रि के दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा रखा जाएगा।

समिति सदस्य दशरथ सोलंकी और सरपंच जरेलाल डांगी ने बताया कि पंडाल, लाइट, पार्किंग, सुरक्षा व कलश यात्रा हेतु स्वयंसेवकों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Related Articles

Back to top button