मंदसौर

1 अप्रैल से संचालित पेंशन कार्यालय बंद करने की तैयारी, मंदसौर की सड़कों पर विरोध में उतरे पेंशनर

Mandsaur News: शासन के जिला स्तर पर संचालित पेंशन कार्यालय बंद करने के प्रस्ताव का विरोध हो रहा है। यह प्रस्ताव प्रदेश में 1 अप्रैल से प्रभावी होगा। इसके विरोध में प्रमुख पेंशनर एसोसिएशन ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। संगठन ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव के नाम कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में तहसीलदार प्रियंका मिमरोट को ज्ञापन सौंपा।

संगठन ने ज्ञापन में बताया कि जिला स्तर पर संचालित पेंशनर कार्यालय में वर्षों से सेवानिवृत्त अधिकारियों व कर्मचारियों के पेंशन संबंधित निराकरण हो जाते हैं। जिला स्तर पर ही पेंशनरों को समस्याओं से निजात मिल जाती है। शासन का 1 अप्रैल को कार्यालय बंद करने का प्रस्ताव पेंशनर हितैषी नहीं है। संगठन ने जिला कार्यालय को यथावत रखने की मांग शासन से की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सतीश नागर, उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंह चौहान, भारत पेंशनर समाज के संरक्षक डॉ. रमेशचंद्र देवड़ा, रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष इंजि. सुनील व्यास सहित बड़ी संख्या में पेंशनर साथी मौजूद रहे। ज्ञापन का वाचन संरक्षक डॉ. रमेशचंद्र देवड़ा ने किया एवं आभार हेमराज खाबीया ने माना।

Related Articles

Back to top button