एआई-फिनटेक की 32 सीटों के लिए 4,872 विद्यार्थी पात्र, 8 सितंबर को होगी प्रवेश परीक्षा

मंदसौर ब्यूरो: मंदसौर जिले में पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व फिनटेक सर्टिफिकेट कोर्स के लिए चयन परीक्षा 8 सितंबर को दोपहर 12 से 1 बजे तक होगी। दोनों कोर्स की 32 सीटों के लिए 4,872 विद्यार्थी पात्र हैं। इसमें एआई और फिनटेक के लिए 16-16 सीटें तय हैं। कॉलेज में करीब 10 हजार विद्यार्थी हैं, लेकिन इस साल प्रवेश लेने वाले यूजी प्रथम वर्ष के विद्यार्थी यह परीक्षा नहीं दे पाएंगे। कोर्स उच्च शिक्षा विभाग व आईआईटी दिल्ली के एमओयू के
तहत हो रहा है।
प्राचार्य जेएस दुबे ने बताया कि परीक्षा में यूजी द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ वर्ष और पीजी कोर्सेज के नियमित विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे। चयनित विद्यार्थियों को दोनों क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कोर्स पूरा करने पर मिलने वाला सर्टिफिकेट वैश्विक स्तर पर मान्य होगा। इससे विद्यार्थियों को एआई, फिनटेक, मोबाइल, कंप्यूटर व मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के लिए कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा।
डॉ. उत्तम कुमार ने बताया कि कोर्स करीब तीन महीने का होगा। प्रतिदिन 2 से 3 घंटे कक्षाएं चलेंगी। प्रशिक्षण आईआईटी दिल्ली के प्रशिक्षकों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से दिया जाएगा और कॉलेज की कम्प्यूटर लैब में कक्षाएं संचालित होंगी। प्रश्नपत्र, उत्तर कुंजी व मेरिट सूची आईआईटी दिल्ली तैयार करेगा। विद्यार्थियों के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रहेगी। परीक्षा में पंजीयन के लिए छात्रों को गूगल फॉर्म उपलब्ध करवाया गया है, ताकि कॉलेज के नियमित छात्र ही इसके माध्यम से आवेदन कर सकें।
पिछले साल 307 ने दी थी परीक्षा, 32 का चयन
कॉलेज के प्रवेश प्रभारी डॉ. गौरव पाटीदार ने बताया कि यह कोर्स पिछले साल भी आयोजित हुआ था। तब 307 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी थी और 32 का चयन हुआ था। इस बार पात्र विद्यार्थियों की संख्या 4,872 है। दोनों कोर्स में 16-16 सीटों का निश्चित कोटा है।













































