तीन दिन से घने बादल छा रहे, बारिश नहीं हुई:अगले 5 दिन फिर सक्रिय रहेगा मानसून; तापमान में आई गिरावट

मंदसौर जिले में मानसून की गति धीमी पड़ गई है। पिछले तीन दिनों से जिला मुख्यालय सहित अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज नहीं हुई है। बीते 24 घंटों में जिले के किसी भी स्थान पर वर्षा रिकॉर्ड नहीं की गई है। हालांकि, अब तक कुल 13.40 इंच बारिश हो चुकी है और तापमान में गिरावट से मौसम सुहाना बना हुआ है।
शनिवार, रविवार और सोमवार को सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे, लेकिन अधिकांश स्थानों पर बारिश नहीं हुई। पिछले सप्ताह हुई लगातार बारिश के बाद शुक्रवार रात से मौसम कुछ थमा हुआ है।
सोमवार देर शाम तक जिला मुख्यालय के साथ-साथ सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, दलौदा, मल्हारगढ़, पिपलिया मंडी, नारायणगढ़, डिगांव, बरखेड़ा और अफजलपुर सहित अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं हुई।
हाल के दिनों में हुई अच्छी बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों का कहना है कि सोयाबीन, मक्का, उड़द सहित अन्य खरीफ फसलों की बढ़वार के लिए यह बारिश काफी लाभदायक साबित हुई है। खेतों में पर्याप्त नमी बनने से फसलों की अच्छी वृद्धि की उम्मीद बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों में जिले में मानसून फिर से सक्रिय रहेगा। बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें भी पड़ सकती हैं।
- 28 जुलाई को सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। कई क्षेत्रों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 31.6°C और न्यूनतम 25.2°C रहने का अनुमान है।
- 29 जुलाई को दिनभर बादल छाए रहेंगे। जिले के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 30.4°C और न्यूनतम 25.1°C रहने का अनुमान है।
- 30 जुलाई को रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा। कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 31.7°C और न्यूनतम 24.8°C रहने का अनुमान है।
- 31 जुलाई – सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।
- 1 अगस्त – मानसून सक्रिय रहेगा। कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जिससे किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक जिले में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान जताया है। बीच-बीच में धूप निकल सकती है, लेकिन बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विभाग ने गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

























