मंदसौर

मंदसौर में जमीन में दफन कच्ची महुआ शराब जब्त:200 लीटर लहान और भट्टी नष्ट; 3 महिलाओं समेत 4 पर FIR

मंदसौर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार दोपहर अफजलपुर थाना पुलिस ने ग्राम बाग्या और आसपास के खेतों में दबिश दी। पुलिस ने खेतों में तलाशी के दौरान जमीन में दफन कर रखी गई 42 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की।

इसके अलावा अवैध शराब बनाने के लिए तैयार करीब 200 लीटर लहान और शराब बनाने की भट्टी को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने मामले में 3 महिलाओं और 1 पुरुष समेत चार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर खेतों में तलाशी

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बाग्या और आसपास के खेतों में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाई जा रही है। सूचना के बाद एसपी विनोद कुमार मीना के निर्देश पर थाना प्रभारी विकास गेहलोत के नेतृत्व में पुलिस की टीमें बनाई गईं। टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर खेतों में तलाशी शुरू की।

जमीन में छिपाकर रखी थी शराब

तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 200 लीटर लहान और शराब बनाने की भट्टी मिली। पुलिस ने लहान और भट्टी को मौके पर ही नष्ट कर दिया। वहीं कुछ कच्ची महुआ शराब जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने खुदाई कर वहां से 42 लीटर शराब बरामद की।

चार आरोपियों पर केस, तलाश जारी

पुलिस ने मामले में तीन महिलाओं और एक पुरुष समेत कुल चार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और अवैध शराब के इस ठिकाने से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

सागर जहरीली शराब कांड के बाद कार्रवाई तेज

अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में सागर जिले में जहरीली शराब से 24 लोगों की मौत हो गई थी। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर पुलिस की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button