मंदसौर

मंदसौर में जंगली जानवर का हमला, 6 बकरियों की मौत:4 घायल, 2 को उठाकर ले गया जानवर; वन विभाग ने हाइना या तेंदुए की आशंका जताई

मंदसौर जिले के ग्राम हासली में बुधवार सुबह जंगली जानवर ने किसान के बाड़े में बंधी बकरियों पर हमला कर दिया। हमले में 6 बकरियों की मौत हो गई, जबकि 4 घायल हैं। दो बकरियों को जानवर उठाकर ले गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

सुबह बाड़े में पहुंचा किसान तो मंजर देख रह गया हैरान

किसान नैन सिंह गुर्जर की बकरियां गांव के बाड़े में बंधी थीं। बुधवार सुबह जब वे बाड़े में पहुंचे तो कई बकरियां मृत पड़ी थीं, जबकि कुछ घायल हालत में मिलीं। उन्होंने तुरंत पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।

नई आबादी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाया। वन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हमले के निशान तलाशे, लेकिन जंगली जानवर के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिले।

12 बकरियों पर किया हमला; 6 की मौत, 4 घायल

12 बकरियों पर किया हमला; 6 की मौत, 4 घायल

हाइना या तेंदुए का अंदेशा

वनपाल नरेंद्र मालवीय के मुताबिक, शुरुआती जांच में हमला किसी बड़े जंगली जानवर का प्रतीत हो रहा है। इलाके में हाइना देखे जाने की जानकारी मिली है, जबकि तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है।

वन विभाग के अनुसार तेंदुआ आमतौर पर शिकार को उसी स्थान पर खाता है, जबकि हाइना शिकार को उठाकर दूसरी जगह ले जा सकता है। दो बकरियों को उठाकर ले जाने के कारण फिलहाल हाइना की आशंका जताई जा रही है।

अधिकारियों ने यह संभावना भी जताई है कि दो-तीन हाइना ने मिलकर बकरियों पर हमला किया हो।

आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई

वन विभाग की टीम संभावित आवागमन वाले स्थानों पर जंगली जानवर के निशान तलाश रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हमला हाइना ने किया या तेंदुए ने।

घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवर की पहचान कर उसे पकड़ने और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button