Mandsaur News: लापरवाही के चलते मंदसौर के चार सीनियर डॉक्टरों पर 50-50 हजार का जुर्माना, वेतनवृद्धि रोकी

Mandsaur News: जिला अस्पताल मंदसौर में सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान नवजात को गंभीर चोट लगने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने 2 साल बाद 4 चिकित्सकों पर कार्रवाई की। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और पेशेवर कदाचार मानते हुए 50-50 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। साथ ही दो-दो वार्षिक वेतनवृद्धियां असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश दिए।
मामला 24 फरवरी 2024 का है जब एक गर्भवती महिला के सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान नवजात को पेरिनियल टियर जैसी गंभीर चोट पहुंची थी। सीतामऊ तहसील के गांव पारसी निवासी दशरथ पुरोहित ने शिकायत में
पत्नी सीमा के प्रसव के दौरान आरोप लगाए थे।
विभागीय जांच में सामने कि स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता पाटीदार के निर्देश पर बिना आवश्यक प्रशिक्षण वाली डॉ. मीना वर्मा से जटिल सिजेरियन ऑपरेशन कराया। ऑपरेशन के बाद मेडिकल रिकॉर्ड में भी जरूरी तथ्य सही तरीके से दर्ज नहीं किए गए। वहीं ऑन-कॉल सर्जन डॉ. सिद्धार्थ शिंदे सूचना के बावजूद नवजात के परीक्षण और उपचार के लिए नहीं पहुंचे। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रजत पाटीदार ने बच्चे को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने में तीन दिन की देरी की।
इन डॉक्टरों पर हुई कार्रवाई
मामले का संज्ञान राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग और मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने भी लिया था। इस मामले में डॉ संगीता पाटीदार (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. मीना वर्मा (चिकित्सा अधिकारी), डॉ. सिद्धार्थ शिंदे (शल्य क्रिया विशेषज्ञ), डॉ. रजत पाटीदार (रेजीडेंट डॉक्टर, शिशु रोग) पर कार्रवाई की गई। (MANDSAUR NEWS)
















