मंदसौर

पेट्रोल भरवाकर लौट रहे युवक को वाहन ने मारी टक्कर:मंदसौर में 25 वर्षीय युवक की मौत; दो बच्चों का पिता था

मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के जग्गाखेड़ी गांव में शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक जितेंद्र उर्फ अर्जुन जाट की मौत हो गई। वह अपनी बाइक से पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अर्जुन को गंभीर चोटें आईं।

हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और अर्जुन को निजी वाहन से जिला अस्पताल मंदसौर ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

परिजनों ने बताया कि अर्जुन खेती का काम करता था। शुक्रवार शाम वह खेत से काम खत्म कर घर आया था। परिवार के साथ कुछ समय बिताने और खाना खाने के बाद वह रात में बाइक से पेट्रोल भरवाने के लिए निकला था। पेट्रोल भरवाकर वापस लौटते समय जग्गाखेड़ी क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

मृतक जितेंद्र उर्फ अर्जुन जाट जग्गाखेड़ी का निवासी था। वह दो बच्चों का पिता था, जिसमें एक करीब डेढ़ साल का बेटा और एक 4 साल की बेटी शामिल हैं।

हादसे के बाद अर्जुन का शव जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button