रात में खेत पर जुताई करने गए किसान की हत्या:रतलाम में सुबह खून से लथपथ मिला शव; शरीर पर चोटों के निशान

रतलाम जिले के ताल थाना क्षेत्र स्थित कोठड़ी गांव में 35 वर्षीय एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह खेत में उसका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। किसान गुरुवार रात अपने खेत पर जुताई करने गया था। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान ग्राम कोठड़ी निवासी 35 वर्षीय राजेंद्र सिंह दांगी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, राजेंद्र शुक्रवार रात को हमेशा की तरह अपने खेत पर जुताई करने के लिए गए थे। जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो घरवालों ने सोचा कि वे काम के चलते खेत पर ही रुक गए होंगे। सुबह भी जब राजेंद्र घर नहीं पहुंचे, तो परिजन उन्हें तलाशते हुए खेत पर गए।
शरीर पर मिले चोट के निशान, इलाके में फैली सनसनी खेत पर पहुंचने पर परिजनों को राजेंद्र का शव खून से सना हुआ मिला। मृतक के शरीर पर चोटों के कई स्पष्ट निशान मौजूद थे और शव के आसपास काफी खून फैला हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने की क्षेत्र की सर्चिंग, परिजनों से पूछताछ जारी हत्या की सूचना मिलने पर ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की सघन तलाशी ली। इसके साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से प्रारंभिक पूछताछ की गई। मौके के हालात देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जाहिर की है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण पुलिस सभी संभावित पहलुओं और तथ्यों को ध्यान में रखकर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ताल थाना प्रभारी स्वराज डाबी ने बताया, प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

ग्रामीणों की लगी भीड़।
पोस्टमार्टम













































