
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच भारत मंडपम में 45 मिनट द्विपक्षीय बैठक हुई। इसके बाद दोनों नेता एक ही कार से इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन में पहुंचे।
PM मोदी और पुतिन ने भारत-रूस रिश्तों पर चर्चा की। इस दौरान पुतिन ने मोदी को 24वें भारत-रूस समिट के लिए रूस आने का न्योता दिया। PM ने इसे स्वीकार कर लिया।
मीटिंग में मिडिल ईस्ट और ब्लैक सी में जारी तनाव पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि किसी भी विवाद या संघर्ष का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत शांति बहाल करने की कोशिशों में मदद करने के लिए तैयार है।
PM मोदी-पुतिन मुलाकात की 6 फोटोज
प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को तिरुक्कुरल किताब की रूसी भाषा में अनुवाद की एक प्रति भेंट की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का गले लगाकर स्वागत किया।

द्विपक्षीय मीटिंग के बाद प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन प्रदर्शनी में शामिल हुए। यह प्रदर्शनी भारत मंडपम में पहली बार आयोजित की जा रही है।

PM मोदी और राष्ट्रपति पुतिन इनरोप्रोम इंडस्ट्रियल एग्जीबिशन में पहुंचे हैं। इनरोप्रोम रूस की बड़ी इंडस्ट्रियल और मैन्युफैक्चरिंग प्रदर्शनी है।

प्रधानमंत्री मोदी और रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने इनरोप्रोम एग्जिबिशन में बुलेट ट्रेन से जुड़ा प्रोजेक्ट देखा।

प्रधानमंत्री मोदी ने BRICS देशों के नेताओं, BRICS बिजनेस काउंसिल के चेयरपर्सन और BRICS वुमन्स बिजनेस अलायंस के प्रतिनिधियों के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाई।
तिरुक्कुरल क्या है, जिसे PM मोदी ने पुतिन को भेंट किया?
तिरुक्कुरल तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध रचना है। इसे तमिल वेद कहा जाता है। इसमें करीब 1,330 दोहे हैं। इन दोहों में अच्छे जीवन, नैतिकता, शासन, अर्थव्यवस्था, प्रेम और इंसानी मूल्यों के बारे में बताया गया है।
तिरुक्कुरल को तमिल साहित्य की सबसे महत्वपूर्ण रचनाओं में से एक माना जाता है। इसका कई भाषाओं में अनुवाद भी हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी का इसे विदेशी नेताओं को भेंट करना भारत की प्राचीन तमिल संस्कृति और उसकी ज्ञान परंपरा को दुनिया तक पहुंचाने का संदेश माना जा सकता है।








































