देश

मंदसौर में सोमवार को भगवान पशुपतिनाथ की पालकी सवारी निकलेगी:ट्रैफिक डायवर्ट, बड़े वाहन प्रतिबंधित; बसों के रूट बदले, कई रास्ते रहेंगे बंद

मंदसौर के भगवान पशुपतिनाथ मंदिर से सोमवार को पालकी सवारी निकाली जाएगी। इसे देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुलिस ने कुछ मार्गों पर बड़े वाहनों और बसों का प्रवेश प्रतिबंधित किया है। यह व्यवस्था सोमवार को पूरे दिन लागू रहेगी।

बड़े वाहनों और बसों के लिए ये रास्ते बंद

10 नंबर नाका से प्रतापगढ़ पुलिया और प्रतापगढ़ पुलिया से कोर्ट घाटी मार्ग तक बड़े वाहनों और बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। प्रतापगढ़ से मंदसौर आने-जाने वाली बसें नयाखेड़ा मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगी।

पशुपतिनाथ मंदिर की बड़ी पुलिया पर पूरे दिन दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। दो पहिया वाहन पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया से खिलजीपुरा और चंद्रपुरा की ओर आ-जा सकेंगे।

चंद्रपुरा और खिलजीपुरा जाने वाले अन्य वाहन मेनपुरिया चौराहा या बाईपास-नालछा माता मंदिर मार्ग से जा सकेंगे।

पालकी के गुजरने पर रास्ते बंद होंगे

पालकी सवारी के शहर भ्रमण के दौरान जिस मार्ग से पालकी गुजरेगी, उसे जरूरत के अनुसार बंद किया जाएगा। यातायात पुलिस वाहनों को दूसरे रास्तों पर भेजेगी। इससे पालकी सवारी के साथ शहर में यातायात व्यवस्था भी सुचारू रखने की कोशिश की जाएगी।

श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए नई पार्किंग, चंद्रपुरा और छोटी पुलिया के नदी किनारे मार्ग पर साइड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से वाहन निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करने की अपील की है।

पुलिस ने वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही निर्धारित मार्गों और पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने को कहा है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button