मध्यप्रदेश

नेशनल हाइवे 719 पर कैमरे रखेंगे वाहन की स्पीड पर निगाह, हाईस्पीड पर कटेंगे चालान

National Highway 719: नेशनल हाइवे-719 पर किए गए संत आंदोलन का असर अब नजर आने लगा है। एमपीआरडीसी ने इस हाइवे पर तात्कालिक रूप से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए काम शुरू कर दिया है। पूरे हाइवे पर 108 किमी दूरी में सड़क के दोनों ओर रेट्रो रिफलेक्टिव लगाए जा रहे हैं। यह रात के अंधेरे में नजर आएंगे, जिनसे गाड़ी चालक को पता चल सकेगा कि सड़क की चौड़ाई कहां पर खत्म हो रही है? इसके अलावा स्पीड कंट्रोलिंग कैमरे लगाने के लिए 6 स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। इनमें से अभी दो स्थान शहर के बायपास पर तय किए गए हैं। यह कैमरे स्पीड में चलने वाली गाड़ियों के चालान करेंगे। एमपीआरडीसी की ओर से बरेठा टोल समाप्ति का प्रस्ताव अभी नहीं भेजा गया है। अफसरों का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने अभी इस संबंध में उन्हें पत्र नहीं दिया। वहीं, एनएचएआई के अधिकारी 30 मार्च तक फोरलेन की डीपीआर भेजने की बात कह रहे हैं।

मालूम हो, कि इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग के लिए 16 मार्च को ग्वालियर जिले की सीमा में स्थित बरेठा टोल प्लाजा पर संत समाज के नेतृत्व में बड़ा प्रदर्शन किया गया था। इसमें विभिन्न पार्टियों के नेता भी पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने मांग रखी थी कि फोरलेन का काम शुरू होने शमला तत्कालिन समय लागत इंतजाम किए जाएं, जिससे कि दुर्घटनाओं में कमी आ सके। मौके पर ग्वालियर के अपर कलेक्टर और एमपीआरडीसी के संभागीय प्रबंधक राजेश दाहिमा ने आश्वासन दिया था। इसके बाद एमपीआरडीसी की ओर से अब सड़क पर सुधार के कार्य शुरू करा दिए गए हैं।

संतों की यह थी मांग

सड़क पर स्पीड कंट्रोलिंग के लिए कैमरे लगाए जाएं, जिससे तेज रफ्तार में चलाने पर गाड़ी चालकों का ऑनलाइन चालान कटे। हाइवे पर होने वाली दुर्घटनाओं में मदद के लिए टोल प्लाजा पर एंबुलेंस अनिवार्य रूप से होना चाहिए, जिससे घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाए। सड़क पर जहां अतिक्रमण किया गया है, वहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो, जिससे सड़क की चौड़ाई बढ़ सके। बरेठा टोल प्लाजा को बंद किया जाए।

30 मार्च तक डीपीआर भेज देंगे

भरत सिंह, पीडी एनएचएआई ग्वालियर ने बताया कि एनएच-719 की डीपीआर बनाने का कार्य जारी है। हमने 30 मार्च तक यह डीपीआर मुख्यालय को भेजने का समय बताया था। तय समय पर हमारी ओर से डीपीआर सबमिट कर दी जाएगी।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button