मुरैना में चंबल नदी में डूबे पिता-पुत्र:भोपाल-खंडवा में बारिश, बड़वानी में बड़ा तालाब ओवरफ्लो; टीकमगढ़ में बांध के 4 गेट खुले

मध्य प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। रविवार को भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। बड़वानी के सेंधवा में नदी-नाले और तालाब उफान पर हैं। रलावती का जिले का सबसे बड़ा तालाब ओवरफ्लो हो गया है। डेब नदी और कमोदवाड़ा तालाब का जलस्तर भी बढ़ा है।
मुरैना में चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र डूब गए। दोनों बाबू महाराज मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। पिता देवेंद्र सिंकरवार (45) का शव बरामद हो गया है। 15 वर्षीय बेटे वंशू सिंकरवार की तलाश जारी है। दोनों ग्वालियर के चंदनपुरा, बिरला नगर के निवासी बताए गए हैं।
शाजापुर के मक्सी, झाबुआ के पेटलावद, खरगोन के कसरावद और खंडवा में भी तेज से मूसलधार बारिश हो रही है। टीकमगढ़ में तेज बारिश के बाद बान सुजारा बांध के 4 गेट खोल दिए गए हैं। हरदा के वन क्षेत्र में लाखादेह की पहाड़ी नदी उफान पर है।
रतलाम, महू और ओंकारेश्वर में बारिश
रतलाम में दोपहर से हवाओं के साथ तेज बारिश शुरू हुई। जिले में अब तक करीब 20 इंच बारिश हुई है, जो इस समय के सामान्य आंकड़े से करीब 16 इंच कम है। धार में करीब एक महीने बाद बारिश हुई। महू में रुक-रुककर बारिश हो रही है। ओंकारेश्वर में हल्की फुहारों के बाद बारिश तेज हुई।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने रविवार को इंदौर, उज्जैन, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, हरदा, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ और अलीराजपुर समेत 18 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
देखिए, बारिश की ये तस्वीरें…

बाबू महाराज के दर्शन से पहले चंबल में डूबे पिता-पुत्र।

टीकमगढ़ में बान सुजारा बांध के 4 गेट खोल दिए गए हैं।

खरगोन के अलग-अलग इलाकों में बारिश हो रही।

धार में दोपहर से बारिश हो रही है।

भोपाल में कई स्थानों पर तेज बारिश हुई।

धार में बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली।

बड़वानी के सेंधवा में मूर्तिकार गणेश प्रतिमाओं को बचाने की जद्दोजहद करते दिखे।

रतलाम के नामली में करीब आधा घंटे तक तेज बारिश हुई।

मंदाकिनी नदी का जलस्तर एक बार फिर घाटों से ऊपर आ गया।










































