मध्यप्रदेश

सिहोरा में घर में घुसा खूंखार सियार सो रहे सात लोगों पर हमला, गांव में दहशत

जिले के सिहोरा क्षेत्र के कन्हाई देवरी गांव की इंदिरा कॉलोनी में गुरुवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली सियार घर में घुस आया और सो रहे लोगों पर हमला कर दिया. इस हमले में सात लोग घायल हो गए. घायलों को तत्काल सिहोरा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से सियार को जल्द पकड़ने की मांग की है.

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 3:30 बजे एक खूंखार सियार इंदिरा कॉलोनी के एक घर में घुस गया. उस समय परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे. अचानक सियार ने सो रहे लोगों पर हमला शुरू कर दिया. हमले में पुरुषोत्तम चौधरी (35), मंजू चौधरी (46), सुदर्शन चौधरी (45), रमित्री चौधरी (50), प्रीति चौधरी (30), रूपलाल चौधरी (50) और त्रिवेणी चौधरी (40) घायल हो गए.

हमले के दौरान सभी के हाथ, कलाई, उंगलियों तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं. एक घायल की आंख के पास भी गहरा जख्म बताया गया है. घर से चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों की मदद से सियार को खदेड़कर गांव से बाहर भगाया. इसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई और सभी घायलों को सिहोरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया.

चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया है और उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. वन्य जीव के हमले को देखते हुए आवश्यक चिकित्सकीय प्रोटोकॉल के तहत उपचार भी किया जा रहा है.

घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार किसी जंगली जानवर ने घर के भीतर घुसकर इस तरह हमला किया है. इससे लोगों में रात के समय सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. कई परिवार पूरी रात जागकर पहरा देने को मजबूर हैं.

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हमलावर सियार को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए. साथ ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. 

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button