मानसून महाराष्ट्र समेत 12 राज्यों में पहुंचा:केरलम-तमिलनाडु में भारी बारिश, चेन्नई में पारा 40°C; MP-राजस्थान में 50kmph की रफ्तार से आंधी चली
मानसून रविवार को चार और राज्यों त्रिपुरा, नगालैंड, असम और अरुणाचल प्रदेश में पहुंच गया। महाराष्ट्र में मानसून केवल दक्षिण कोंकण तक बढ़ा। इसके चलते 9 जून तक सिंधुदुर्ग और रत्नागिरी में भारी बारिश हो सकती है। हालांकि अगले हफ्ते तक राज्य में बारिश का पैटर्न कमजोर रहने का अनुमान है।
IMD के मुताबिक मानसून के कारण केरलम, कर्नाटक, गोवा और तमिलनाडु में कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। हालांकि तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में लगातार 5वें दिन पारा 40°C का आंकड़ा पार कर गया।
देश में गुजरात को छोड़कर अन्य सभी राज्यों में प्री-मानसून बारिश हो रही है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश समेत नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में शनिवार को तेज बारिश हुई।
एमपी में भोपाल समेत 4 जिलों में 50kmph की रफ्तार वाली आंधी चली। राजस्थान के बीकानेर में बारिश के साथ ओले गिरे। यूपी के मऊ और गाजीपुर में भी शनिवार को बारिश हुई।
मानसून अलर्ट…
- तीन दिन की देरी से पहुंचने के बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। 4 दिन के अंदर इसने 7 राज्यों को कवर कर लिया है। शनिवार को मानसून ने आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम और मणिपुर में एंट्री ली। इससे पहले शुक्रवार को कर्नाटक, तमिलनाडु और गोवा में पहुंचा था। केरलम में मानसून 4 जून को पहुंचा था।
- IMD के मुताबिक अगले तीन दिनों में मानसून पूर्वोत्तर के सभी राज्यों और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। अगले 10 दिनों में इसके बिहार, झारखंड और ओडिशा पहुंचने की संभावना है।
- स्काईमेट वेदर के एक्सपर्ट जीपी शर्मा के मुताबिक एमपी, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बंगाल में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी रह सकती है, क्योंकि इसे आगे बढ़ाने के लिए बंगाल की खाड़ी में कोई मजबूत मौसम सिस्टम एक्टिव नहीं है।
प्रशांत महासागर का तापमान बढ़ा, ये अल नीनो की शुरुआत
यूरोपीय मौसम एजेंसी के अनुसार, प्रशांत महासागर में अल नीनो बनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ताजा आंकड़ों में समुद्र का तापमान उस स्तर से ऊपर पहुंच गया है, जिसे अल नीनो की शुरुआत माना जाता है।
वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इसके कारण दिसंबर तक समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से 3°C तक बढ़ सकता है। यदि यह सही रहा तो इस साल का अल नीनो दुनियाभर में तापमान को बहुत ज्यादा बढ़ा देगा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार अल नीनो 2015-16 और 1997-98 के रिकॉर्ड से भी ज्यादा शक्तिशाली हो सकता है। पिछली दो बार नीनो 3.4 इंडेक्स में पारा औसत से 2.3°C ऊपर चला गया था।
कुछ अनुमान तापमान में 4°C तक की बढ़ोतरी दिखा रहे हैं, जिसे बड़ी चेतावनी माना जा रहा है।
अगले दो दिन के मौसम का हाल
8 जून:
- केरलम, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी से बहुत तेज बारिश की संभावना है।
- ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अनुमान है।
- राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छ्तीसगढ़, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में आंधी-तूफान और तेज हवाएं चल सकती हैं।
9 जून:
- केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और आंध्र प्रदेश में बारिश जारी रहने का अनुमान है।
- राजस्थान के कई हिस्सों में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
- पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान के साथ बारिश की स्थिति रह सकती है।
- ओडिशा, बिहार और झारखंड में आंधी-तूफान और बारिश का असर बना रह सकता है।
ओडिशा-आंध्र में हीटवेव का अलर्ट, रात में चलेगी लू; दिल्ली में पारा फिर 40°C
मानसून के आने से पहले कई राज्यों में चल रही प्री-मानसून आंधी बारिश से राहत मिली है। लेकिन अभी भी कुछ राज्यों में हीटवेव का असर बरकरार है। ओडिशा-आंध्र प्रदेश में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट हैं। ओडिशा में रात में भी लू चल सकती है।
इधर, दिल्ली में शनिवार को एक बार फिर तापमान 40°C तक पहुंच गया। रविवार को बादल छाए रहने, हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पारा 36 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा।



