मंदसौर
मंदसौर में कार ने बाइक सवार को रौंदा:सिर से गाल तक गहरा घाव, 25 टांके लगे; घर लौट रहा था

मंदसौर जिले के सीतामऊ थाना क्षेत्र में रविवार रात एक अज्ञात कार की टक्कर से 30 वर्षीय बाइक सवार बालमुकुंद सूर्यवंशी गंभीर घायल हो गया। उसके चेहरे पर सिर से गाल तक गहरा घाव आया, जिस पर करीब 25 टांके लगाए गए।
बालमुकुंद को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मंदसौर जिला अस्पताल भेजा गया। वह रतनपुरा का रहने वाला है और ड्राइवरी के साथ मजदूरी भी करता है। रविवार को वह राजनगर गांव से काम खत्म कर अपनी बजाज डिस्कवर बाइक से घर लौट रहा था।
सेदरामाता और लदुना के बीच कार ने उसकी बाइक को टक्कर मारी। ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे अस्पताल ले गए।
बालमुकुंद के छोटे भाई रामप्रसाद ने बताया कि वह कुलदेवी की पूजा के लिए घर लौट रहा था। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है और अज्ञात कार की तलाश में है।





































