श्रद्धालुओं को कार ने कुचला, VIDEO:मंदसौर में बच्ची समेत 7 घायल, 4 गंभीर; ग्रामीणों ने ड्राइवर को खंभे से बांधकर पीटा, कार में तोड़फोड़

मंदसौर जिले के पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के सुपरा गांव में रविवार रात तेज रफ्तार कार (RJ 45 CS 0432) ने मंदिर से प्रसादी लेकर बाहर निकल रही महिलाओं को टक्कर मार दी।
हादसा इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ। हादसे में 6 महिलाएं और एक 13 साल की बच्ची घायल हो गई। इनमें 4 महिलाओं की हालत गंभीर है। एक महिला के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हुए हैं।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को पकड़ लिया। उन्होंने उसे कार से बाहर निकालकर पास के खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई की। ग्रामीणों ने कार में भी तोड़फोड़ की।
सूचना मिलने पर पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ड्राइवर को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।
हादसे के बाद की 6 तस्वीरें देखिए…

हादसे के बाद लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी।

हादसे में घायल एक महिला को सिर में टांके आए हैं।

एक महिला के पैर में बुरी तरह चोट आई है।

एक अन्य महिला के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया।

कार से बाहर निकालकर युवक को पास के खंभे से बांध दिया और पिटाई की।

इसी मंदिर के सामने हादसा हुआ।
स्थानीय लोग बोले- ड्राइवर नशे में था
घायल महिलाओं और बच्ची को डायल-112 की मदद से पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मंदसौर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब 1 बजे घायलों को मंदसौर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, कार में ड्राइवर अकेला था। उसकी पहचान अर्जुन सिंह (32) के रूप में हुई है। वह कमल सिंह का बेटा और पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के सुजानपुरा का रहने वाला है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ड्राइवर ने शराब पी रखी थी।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- लगा भूकंप आ गया
घटना के समय मौके पर मौजूद दीपक ने बताया कि गांव के बालाजी मंदिर में गणेशजी की स्थापना की गई थी। रात में आरती के बाद प्रसादी बांटी जा रही थी।
कुछ महिलाएं वहां नृत्य कर रही थीं, जबकि कुछ प्रसादी लेकर बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान काले रंग की कार तेज रफ्तार से आई और महिलाओं को टक्कर मार दी।
दीपक के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऐसा लगा जैसे भूकंप आ गया हो। हादसे में 6-7 लोग घायल हुए हैं। अगर महिलाएं उस समय वहां से नहीं हटी होतीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
हीराबाई ने बताया कि बालाजी मंदिर में गणेशजी की मूर्ति स्थापित की गई है। आरती के बाद वह प्रसाद लेने गई थीं। प्रसाद लेकर गेट से बाहर निकलते समय अचानक कार आई और टक्कर मार दी।

स्थानीय लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
डांस चल रहा था, तभी कार ने टक्कर मारी
घटना के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें मंदिर परिसर में कुछ युवक डांस करते नजर आ रहे हैं और वीडियो बनाया जा रहा है। इसी दौरान काले रंग की कार अचानक आती है और मंदिर के बाहर मौजूद लोगों को टक्कर मार देती है। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच जाती है।
हादसे के बाद के एक अन्य वीडियो में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। कुछ ग्रामीण कार चालक को खंभे से बांधे हुए नजर आ रहे हैं।
कार में अकेला था युवक, हिरासत में लिया
थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे ने बताया कि हादसे में 6 महिलाएं और एक बच्ची घायल हुई हैं। कार में अर्जुन पिता कमल सिंह अकेला सवार था। उसे हिरासत में लिया गया है। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और घटनाक्रम की जांच की जा रही है।







































