मंदसौर शहर में दो घंटे हुई झमाझम बारिश, जलस्रोतों के लिए 7.26 इंच बारिश की दरकार

Mandsaur Weather: मंदसौर शहर में शनिवार को करीब दो घंटे तेज बारिश हुई। रुक-रुक कर बारिश तो दिनभर चलती रही। पिछले दो दिनों से जिले में हो रही बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को राहत मिली है, वहीं गर्मी और उमस से परेशान लोगों को भी राहत मिली। हालांकि, जिले में अब तक सामान्य से 7.26 इंच कम बारिश हुई है। जलस्रोतों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने से स्थिति अभी पूरी तरह नहीं सुधरी है। 5 सितंबर तक जिले में 1 जून से औसत 24.70 इंच बारिश दर्ज हुई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 31.96 इंच बारिश हुई थी। जिले की वार्षिक औसत बारिश 32.54 इंच है। इस हिसाब से अब तक सामान्य से करीब 7.84 इंच बारिश कम है। वहीं गांधीसागर बांध का जलस्तर 1300.14 फीट दर्ज हुआ, जो पिछले साल इसी दिन 1305.01 फीट था।
इन जिलों में 24 घंटे में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में शिवपुरी, श्योपुर, भिंड, रायसेन, मुरैना, पन्ना, ग्वालियर, गुना, नर्मदापुरम, भोपाल, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, बुरहानपुर सहित 19 जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से इन जिलों में लोगों को बारिश के दौरान घर से न निकलने और बच्चों और बुजुर्गों के साथ पशुओं का ध्यान रखने की अपील की है। इसके अलावा प्रदेश के लगभग 25 से अधिक जिलों में भी अगले 24 घंटों में बारिश होने की संभावना है। वहीं नदियों में लगातार बढ़ रही जल स्तर को देखते हुए प्रदेश के कुछ जिलों में बाढ़ का अलर्ट भी जारी किया गया है। (Heavy rain alert MP)













































