शाही सवारी से पहले मंदसौर में निकाली वाहन रैली:पांच हजार श्रद्धालु वाहनों के साथ हुए शामिल, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा शहर

मंदसौर में भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी से एक दिन पहले रविवार को शहर में भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली में करीब 5 हजार श्रद्धालु दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ शामिल हुए। पशुपतिनाथ मंदिर परिसर से शुरू हुई रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय पशुपतिनाथ’ के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।
वाहन रैली का आयोजन भगवान पशुपतिनाथ प्रातःकालीन आरती मंडल की ओर से किया गया। इसका उद्देश्य शाही सवारी का प्रचार-प्रसार करने के साथ शहरवासियों और श्रद्धालुओं को सवारी में शामिल होने का निमंत्रण देना था।
पंडित दिलीप शर्मा ने बताया कि प्रातःकालीन आरती मंडल पिछले करीब 30 वर्षों से भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी निकाल रहा है। इसी परंपरा के तहत इस बार भी शाही सवारी से एक दिन पहले वाहन रैली का आयोजन किया गया।
देखिए तीन तस्वीरें…

शहर के प्रमुख मार्गों से निकली रैली
रैली पशुपतिनाथ मंदिर परिसर से शुरू होकर सत्संग भवन, प्रतापगढ़ पुलिया, मंडी गेट, सदर बाजार, घंटाघर, गणपति चौक, शुक्ला चौक, कालाखेत, गांधी चौराहा, बीपीएल चौराहा और नई आबादी पहुंची।
इसके बाद रैली कंबल केंद्र, संजय गांधी उद्यान, महाराणा प्रताप बस स्टैंड, रामटेकरी कॉर्नर, श्री कोल्ड, संजीत मार्ग, लक्ष्मीबाई चौराहा, गीता भवन रोड अंडरब्रिज, अभिनंदन मार्ग, रेलवे स्टेशन, नाहटा चौराहा, पुलिस लाइन और अंबेडकर चौराहा होते हुए नेहरू बस स्टैंड बालाजी और कालिदास मार्ग पहुंची।
यहां से रैली वापस घंटाघर और सदर बाजार होते हुए भगवान पशुपतिनाथ मंदिर परिसर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
जगह-जगह हुआ स्वागत
वाहन रैली के दौरान शहर के अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों ने रैली का स्वागत किया। जगह-जगह हुए स्वागत से श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ा। बड़ी संख्या में वाहनों के साथ श्रद्धालुओं के शामिल होने और लगातार गूंजते जयकारों से पूरे शहर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा।
अब शहरवासियों को भगवान पशुपतिनाथ की राजसी शाही सवारी का बेसब्री से इंतजार है।











































