कांग्रेस युवाओं, किसानों के मुद्दों पर आंदोलन करेगी:मंदसौर में ऐलान, 15 जुलाई को सीएम निवास घेराव, भ्रष्टाचार शिकायतों के लिए पोर्टल भी बनेगा

मंदसौर जिला कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को एक प्रेसवार्ता की। इसमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र सिंह गुर्जर ने प्रदेश सरकार पर युवाओं, किसानों और भ्रष्टाचार के मामलों में विफल रहने का आरोप लगाया। घोषणा की कि प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, उज्जैन भूमि प्रकरण और जनहित के अन्य मुद्दों को लेकर चरणबद्ध जनआंदोलन किया जाएगा।
गुर्जर ने नीट और सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन विवादों ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और प्रभावित विद्यार्थियों को समय पर न्याय नहीं मिला है। कांग्रेस “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच जाकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग करेगी।
बिजली समस्या का भी उल्लेख किया उन्होंने खरीफ सीजन में किसानों द्वारा खाद और बिजली की समस्याओं का सामना करने का भी उल्लेख किया। डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की कमी, कालाबाजारी और पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से बुवाई प्रभावित हुई है। इसके अतिरिक्त, मूंग खरीदी में कोटा कम किए जाने और सीमित समर्थन मूल्य खरीदी से किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर गांव-गांव तक आंदोलन करेगी।
प्रेसवार्ता में गुर्जर ने उज्जैन भूमि प्रकरण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मामले में सामने आए तथ्यों के बाद प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री से जवाब चाहती है। यदि सरकार निर्दोष है, तो पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराकर तथ्य सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने महाकाल लोक सहित अन्य सार्वजनिक परियोजनाओं में हुए खर्च और कथित अनियमितताओं की भी निष्पक्ष जांच की मांग की।
इसके साथ ही, उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने की भी मांग की। गुर्जर ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उनके नाम पर प्राप्त दान के उपयोग में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए।
डिजिटल पोर्टल शुरू करेगी कांग्रेस महेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस जल्द ही एक डिजिटल पोर्टल शुरू करेगी। इस पोर्टल पर नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग और कथित अवैध संपत्तियों से जुड़ी जानकारी व दस्तावेज गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगे। साझा की गई जानकारी के सत्यापन के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
आगामी दिनों में प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं, “छात्रों की गूंज” अभियान, 14-15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक Gen Z Cyclothon, 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन भूमि प्रकरण को लेकर जनआंदोलन आयोजित किया जाएगा। विधानसभा सत्र में भी इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
प्रेसवार्ता में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रातड़िया, जिला संगठन महासचिव अजय लोढ़ा, शहर ब्लॉक अध्यक्ष इष्ठा भाचावत और जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रवीण मांगरिया भी मौजूद रहे।





















