मंदसौर

Mandsaur Weather: मंदसौर जिले में बारिश-ओलावृष्टि से खेतों में बिछी पकी-पकाई फसलें, 4 दिन में 4 डिग्री गिरा दिन का तापमान

Mandsaur News: पश्चिमी विक्षोभ से मंदसौर जिले में हुई दो दिन की तेज बारिश और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी पकी फसलों को जमीन पर गिरा दिया। हालांकि, तीसरे दिन गुरुवार को बारिश नहीं हुई लेकिन ठंडक बनी रही। इससे पहले बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात शहर में भी बारिश हुई। इससे दिन के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की गई। चार दिन में अधिकतम तापमान करीब 4 डिग्री लुढ़क गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार से मौसम पूरी तरह खुलने के आसार हैं।

तितरोद क्षेत्र में लगातार दो दिनों तक बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे करनाली जागीर, गोपालपुरा, करनाली खेड़ा और किशोरपुरा में किसानों को भारी नुकसान हुआ। तितरोद के किसान विनोद पाटीदार और पप्पू पाटीदार ने बताया कि ओलावृष्टि से 4 बीघा में लगे टमाटर के पौधों से 100 कैरेट से अधिक टमाटर टूटकर गिर गए। अफीम किसानों को भी परेशानी उठानी पड़ी। बारिश से टांके लगे डोडों से अफीम बह गई। इससे औसत पूरी करने में दिक्कत होगी। कई डोडे भी टूट गए।

इन फसलों को भी बारिश से हुआ नुकसान

गेहूं, चना, सरसों और धनिया की फसलों को भी ओलावृष्टि और तेज बारिश से नुकसान पहुंचा। भानपुरा नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बुधवार रात 9 बजे तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश हुई। खेतों में खड़ी रबी की फसलें जमींदोज हो गईं। किसानों का कहना है कि गेहूं की फसल गिरने से उत्पादन प्रभावित होगा। यदि धूप नहीं निकली तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

आज से तापमान में होगी बढ़ोतरी

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जो पश्चिमी विक्षोभकी सक्रियता के चलते सिस्टम बन रहा था, वह अब दूसरी दिशा में प्रवेश कर चुका है। मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह के अनुसार फिलहाल जिले में बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। ऐसे में शुक्रवार से मौसम पूरी तरह खुल जाएगा व धूप निकलेगी। इससे पारा बढ़ेगा।

Related Articles

Back to top button