कारोबार
Mandsaur: मंदसौर मंडी में 6 दिन बाद दिनभर चली नीलामी, लहसुन के 16 हजार कहीं से मंडी गुलजार

Mandsaur Mandi: छह दिन बाद कृषि उपज मंडी मंगलवार को पूरी तरह सुचारू रूप से चली। लंबे समय से चले आ रहे विवाद के कारण बंद पड़ी मंडी एक बार फिर गुलजार नजर आई। दिनभर लहसुन की जोरदार आवक होने से परिसर में चहल-पहल बनी रही और व्यापारिक गतिविधियां सामान्य होती दिखीं। मंडी में मंगलवार को नई लहसुन के करीब 11 हजार कट्टे और पुरानी लहसुन के लगभग 5 हजार कट्टे पहुंचे। सुबह से ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और वाहनों की कतारें लगनी शुरू हो गईं।
बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचे। नीलामी स्थल पर सफेद लहसुन की भरमार नजर आई, जिससे पूरा परिसर लहसुन से अटा हुआ दिखाई दिया। उल्लेखनीय है कि बीते कई दिनों से मंडी में चल रहे विवाद के चलते कारोबार पूरी तरह ठप था। इस दौरान मंडी परिसर सूना पड़ा रहा और किसानों को उपज बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।










