कारोबार

लहसुन की कीमतों में आज जबरदस्त उछाल, 8 हजार से ऊपर पहुंचे न्यूनतम भाव

Garlic Rate Hike: लहसुन की कीमतों में इन दिनों खूब तेजी देखी जा रही है। लगातार लहसुन की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी से अब मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा सहित कई राज्यों के आमजन पर भी इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। नीमच जिले में सीजन नहीं होने के बावजूद कृषि उपज मंडी में इन दिनों लहसुन की आवक बनी हुई है और दाम भी तेजी पर हैं। मंगलवार को मंडी खुलते ही लहसुन के न्यूनतम भाव में 2,900 रुपए प्रति क्विंटल का बड़ा उछाल देखने को मिला। इसके साथ ही न्यूनतम भाव 8,000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गए, जबकि सोमवार को न्यूनतम भाव 5,100 रुपए थे। इसके लाभ बुधवार और आज वीरवार को भी लहसुन की कीमतों में तेजी देखी गई है। आज गुरुवार 3 सितंबर को मामूली तेजी के साथ लहसुन के अधिकतम भाव 25,000 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास पहुंच गए हैं।

चंगेरा-डूंगलावदा स्थित अतिरिक्त नवीन मंडी और स्टेशन रोड स्थित मुख्य मंडी को मिलाकर विभिन्न उपजों की कुल आवक तकरीबन 30 हजार बोरी रही। इसमें सर्वाधिक आवक अकेले लहसुन की रही।

मंगलवार और बुधवार को मप्र की चंगेरा-डूंगलावदा मंडी में आवक का दबाव इतना अधिक था कि चारों शेड फुल हो गए और देर शाम तक नीलामी व तोल का कार्य चलता रहा। मंडी कारोबारियों के अनुसार, बाजार में बढ़िया क्वालिटी का माल आने और बाहरी मंडियों की मजबूत मांग के चलते भावों में तेजी का रुख बना हुआ है। जहां बारिश से पहले तक लहसुन 3,500 से 20,000 रुपए बिक रहा था, वहीं पिछले दो महीनों से यह 4,000 से 27,000 रुपए प्रति क्विंटल के दायरे में बना हुआ है। व्यापारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में यदि सुपर क्वालिटी माल की आवक बढ़ती है, तो अधिकतम भाव 27 हजार से 29 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक भी पहुंच सकते हैं। बता दें कि लहसुन के मॉडल भाव 13,500 रुपए प्रति क्विंटल के आसपास चल रहे हैं।

Related Articles

Back to top button