कारोबार

चांदी आज फिर 10888 रुपए हुई महंगी, साढ़े तीन महीने में दिया दोगुना से अधिक रिटर्न

Silver Price Hike: चांदी की कीमतों में हो रही बढ़त हर दिन नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। चांदी की कीमतें कल 15 हजार रुपए प्रति किलो की बढ़त के साथ 3 लाख रुपए प्रति किलो से उपर पहुंच गई थी। वहीं चांदी आज 20 जनवरी मंगलवार को एक बार फिर चांदी की कीमतों में बढ़त देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एम ज्वेलर्स एसोसिएशन की रिपोर्ट के अनुसार आज मंगलवार 20 जनवरी को चांदी के दाम 10888 रुपए बढ़कर 3,04,863 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गए हैं। वहीं एमसीएक्स पर कल ही चांदी के दाम 3 लाख से ऊपर पहुंच गए थे। पिछले 20 दिनों में चांदी के दाम 74,443 रुपए प्रति किलो बढ़ गए हैं। चांदी के साथ-साथ सोना भी आज 2,429 रुपए की बढ़त के साथ 1,46,375 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।

पिछले साढ़े तीन महीने में चांदी ने दिया 2 गुना से अधिक रिटर्न

चांदी की कीमतों में हो रही लगातार बढ़ोतरी ने निवेशकों को भी चोंका दिया है। साढ़े तीन महीने के भीतर ही इसके भाव दोगुना हो गए हैं। आज मंगलवार को सराफा बाजार में चांदी के भाव आल टाइम हाई पर पहुंच गए और 3 लाख 04 हजार 863 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गए। तुलना करें तो 27 सितंबर 2025 को इसके भाव 1 लाख 42 हजार 200 रुपए प्रति किलो थे। सराफा व्यापारियों का कहना है कि चांदी के भाव अभी थमने वाले नहीं हैं। आगे भी तेजी जारी रहेगी और जल्द ही यह सवा तीन लाख रुपए प्रति किलो के स्तर को छू सकती है।

सराफा व्यापारी विशाल डांगी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने और चांदी में तेजी जारी रहेगी। अगले एक महीने में सोना 1.60 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 3.25 लाख रुपए प्रति किलो तक बिकने की संभावना है।

Back to top button