मंदसौर

Mandsaur News: मंदसौर जिले में बादरी से बिल्लौद तक बनी सड़क साल भर में ही गई उखड़, नालियां अधूरी होने से रास्तों पर फैला कीचड़

Mandsaur News: मंदसौर जिले में बादरी से बिल्लौद तक पिछले साल निर्मित सड़क की खामियां अब सामने आने लगी हैं। ठेकेदार की मनमानी और विभागीय उदासीनता के कारण राहगीरों व स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव की ओर आने वाली नालियों का निर्माण टुकड़ों में किया गया। इस कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।

व्यवस्थित नालियां न होने से घरों के बाहर कीचड़ और गंदगी फैली रहती है। इसका सीधा असर रहवासियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। वहीं गंदगी के कारण राहगीर भी आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं। इसके अतिरिक्त सड़क पर अभी से नजर आने वाली दरारें निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। स्थानीय निवासी नंदलाल पाटीदार ने बताया कि सड़क के किनारे जो नालियां बनाई गई हैं, वे भी आधी-अधूरी हैं। यह निर्माण के समय तय किए गए दिशा-निर्देशों की खुली
अवहेलना है।

रामनारायण साहू ने बताया कि सड़क के दोनों तरफ नालियां न होने से गंदा पानी बीमारियों का कारण बन रहा है। कीचड़ से मुक्ति पाने के लिए लोगों ने मजबूरी में अपने घरों के सामने गड्ढे खोद दिए हैं, ताकि गंदे पानी से कुछ निजात मिल सके। इस मामले में पीडब्ल्यूडी विभाग के उपयंत्री नीतीश कुमार का कहना है कि समस्या को ध्यान में रखते हुए हमने दोबारा डीपीआर बनाकर भेजी है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य पुनः शुरू करवाया जाएगा।

Back to top button