मंदसौर

Power Cuts: मंदसौर जिले में 4 घंटे से अधिक समय तक बिजली रही गुल, मेंटेनेंस कार्य के दौरान आमजन को हुई परेशानी

MANDSAUR NEWS: मंदसौर जिले के कुकड़ेश्वर नगर में बिजली वितरण कंपनी द्वारा शनिवार सुबह 10 से दोपहर 2.30 बजे तक पूरे नगर की लाइट बंद करने से नगर के बिजली उपभोक्ता परेशान होते रहे। इनका कहना है कि अभी सर्दी का मौसम है, लोड भी नहीं है। इतनी लंबी कटौती कंपनी द्वारा न जाने क्यों की गई।

शनिवार को सुबह से दोपहर तक साढ़े 4 घंटा बिजली बंद होने से आम से लेकर खास तक परेशान हुए। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर शिक्षक-शिक्षिकाएं और नौकरीपेशा अधिकारी कर्मचारी से लेकर दुकानदार और महिलाएं तक परेशान हुई। घरेलू काम करने वाली महिलाएं आशा, संतोष, सुनीताबाई, मांगीबाई सुनीता, मंजू बाई का कहना है कि सुबह बिजली की जरूरत होती है। आजकल भोजन से लेकर नहाने तक पानी गर्म करने के लिए बिजली का उपयोग होता है। विशेषकर ठंड के मौसम में ज्यादा आवश्यकता होती है।

बिजली बंद होने से इसमें परेशानी आई। यदि किसी काम से लाइट बंद करना थी तो दोपहर 12 से 3 बजे तक लाइट बंद करते जिससे किसी प्रकार का कार्य प्रभावित नहीं होता। बिजली कंपनी को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। मामले को लेकर कुकडेश्वर बिजली कंपनी के सुपरवाइजर नितिन ऊईके का कहना था कि ग्रिड पर आवश्यक कार्य और मेंटेनेंस होने की वजह से पूरे नगर की लाइट बंद की थी। इसकी सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से नगर के ग्रुप में डालकर जानकारी दी थी।

Back to top button