देश

मंदसौर में तीन दिन से नहीं हुई बारिश:उमस-धूप से लोग बेहाल; 17 जुलाई से फिर मानसून सक्रिय होने के संकेत

मंदसौर जिले में पिछले तीन दिनों से बारिश पूरी तरह थम गई है। आखिरी बार जिले में बीते बुधवार शाम को तेज बारिश हुई थी। इसके बाद गुरुवार रात जिला मुख्यालय सहित कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार तक जिले में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। ऐसे में पूरा जिला एक बार फिर अच्छी बारिश का इंतजार कर रहा है।

बारिश नहीं होने से दिनभर तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है। सुबह से लेकर देर शाम तलक गर्मी का असर बना रहता है। बीच-बीच में बादल छाते हैं, लेकिन बिना बरसे ही आगे बढ़ जाते हैं। इससे लोगों को न तो गर्मी से राहत मिल रही है और न ही किसानों की चिंता कम हो रही है।

जिला मुख्यालय के अलावा गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, अफजलपुर, दलौदा, डिगांव, मल्हारगढ़, पिपलिया मंडी, नारायणगढ़, सुंठोद, बरखेड़ा सहित आसपास के अधिकांश क्षेत्रों से भी रविवार दोपहर तक बारिश की कोई खबर सामने नहीं आई।

अगले चार दिन ऐसा रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल जिले में किसी प्रकार की भारी बारिश की संभावना नहीं है और न ही कोई चेतावनी जारी की गई है।

13 जुलाई: बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान।

14 जुलाई: सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.4 डिग्री सेल्सियस।

15 जुलाई: आसमान में बादल बने रहेंगे। अधिकतम 32.4 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस।

16 जुलाई: बादलों के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है। अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

17 जुलाई के आसपास फिर सक्रिय हो सकता है मानसून मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक हो सकती है, लेकिन व्यापक या भारी बारिश के संकेत फिलहाल नहीं हैं। हालांकि 17 जुलाई के आसपास मानसूनी गतिविधियों में दोबारा तेजी आने की संभावना जताई गई है।

अब तक 7.37 इंच बारिश दर्ज जिले में इस मानसून सीजन में अब तक करीब 7.37 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग एक इंच कम है। पिछले सप्ताह हुई अच्छी बारिश के बाद फिलहाल मौसम शांत है। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने से उमस का असर भी लगातार महसूस किया जा रहा है।

फिलहाल जिलेवासियों को बारिश का इंतजार है। तेज धूप, गर्मी और उमस से जनजीवन प्रभावित है, जबकि आसमान में बादलों की आवाजाही के बावजूद अच्छी बारिश नहीं होने से लोगों की उम्मीदें अब आने वाले दिनों पर टिकी हुई हैं।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button