मंदसौर में पेड़ पर लटका मिला व्यक्ति का शव:पत्नी को हत्या का शक, बोली- धमकी दी थी, फोन आने पर घर से निकले; SP को ज्ञापन दिया

मंदसौर के पित्याखेड़ी गांव में पेड़ पर लटके मिले जगदीश के शव के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पत्नी शांतिबाई का आरोप है कि उनके पति की हत्या कर शव पेड़ पर लटकाया गया। ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके।
कार्रवाई न होने पर मंगलवार को पत्नी ग्रामीणों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने एसपी विनोद कुमार मीना को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की।
शांतिबाई का आरोप है कि 2 अक्टूबर को कान्हा सौधिया घर आया था। जगदीश को जान से मारने की धमकी दी थी।
उसी रात करीब 12 बजे जगदीश के मोबाइल पर फोन आया और वे घर से निकल गए। सुबह 6 बजे तक वापस नहीं लौटने पर तलाश शुरू हुई।
उनकी मोटरसाइकिल खेत में गिरी मिली और शव पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। शांतिबाई का आरोप है कि जगदीश ने कई लोगों को फोन कर मदद मांगी थी। परिजनों ने कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की मांग की है।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप मृतक के भाई गोरेलाल चंदेल ने बताया कि 2 अक्टूबर की रात जगदीश घर से निकले थे। सुबह खेत में उनका शव मिला था। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गोरेलाल के मुताबिक, कान्हा पहले घर आकर उनकी भाभी को धमकी देकर गया था। परिवार ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन सुनवाई नहीं होने पर एसपी कार्यालय आना पड़ा। परिजनों ने माया, उसके बेटे कान्हा और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।



































